अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा, फिर से बसेगा प्रभावितों का बसेरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा/ पिथौरागढ़, अमृत विचार। धारचूला के जुम्मा नेपाल के सिरबगड़ में आई आपदा के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरान करने यहां पहुंचे। यहां पहुंचने पर जुम्मा के आपदा प्रभावितों ने उन्हें आपबीती सुनाई और नुकसान की जानकारी दी। जिस पर सीएम ने उन्हें शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। …

अल्मोड़ा/ पिथौरागढ़, अमृत विचार। धारचूला के जुम्मा नेपाल के सिरबगड़ में आई आपदा के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरान करने यहां पहुंचे। यहां पहुंचने पर जुम्मा के आपदा प्रभावितों ने उन्हें आपबीती सुनाई और नुकसान की जानकारी दी।

जिस पर सीएम ने उन्हें शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही आपदा प्रभावितों को शीघ्र विस्थापित करने का भरोसा भी दिलाया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान एसडीएम धारचूला को स्थिति सामान्य होने तक वहीं कैंप करने के निर्देश भी दिए।
मंगलवार को करीब 11 बजकर 45 मिनट पर सीएम धामी का हेलीकॉप्टर जुम्मा पहुंचा। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। बाद में सीएम का हेलीकॉप्टर एलागाड़ हेलीपैड पर उतरा। सीएम धामी ने एसएसबी कैंप में आपदा प्रभावितों से मुलाकात की।

इस दौरान आपदा में अपनों को खो चुके प्रभावितों ने सीएम को आपबीती सुनाई। सीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है और उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी। सीएम ने इस दौरान आपदा पीड़ितों को करीब सोलह लाख रुपये के चेक वितरित किए और मुख्यमंत्री राहत कोष से एक एक लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि दिए जाने और उन्हें विस्थापित करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान उन्होंने जिला स्तर के सभी अधिकारियों, आपदा विभाग व अन्य विभागों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्यों में कोई कोताही ना बरतने के निर्देश दिए।

काली नदी पर तटबंध को स्वीकृत होंगे 42 करोड़ रुपये

अमृत विचार, अल्मोड़ा/ पिथौरागढ़

मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत के क्षेत्रों के लिए काल बन चुकी काली नदी पर तटबंध बनाने के लिए 42 करोड़ रुपये शीघ्र अवमुक्त करने की बात कही है। सीएम ने कहा है कि काली नदी के अतिसंवेदनशील स्थानों पर तटबंध बनाए जाएंगे, ताकि नदी के उफान पर आते वक्त कम से कम नुकसान हो सके।
पिथौरागढ़ जिले में बरसात के मौसम में अक्सर काली नदी उफान पर आ जाती है। जिस कारण कई बार नदियों के किनारे रहने वाले लोग अचानक बढ़े नदी के वेग की चपेट में आ जाते हैं और जानमाल का भारी नुकसान होता है। ऐसे में काली नदी से पैदा होने वाले खतरे को कम किया जा सके। इसके लिए सीएम ने इसका गंभीरता से संज्ञान लिया है। सीएम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आश्वास्त किया है कि काली नदी पर तटबंध बनाए जाएंगे। साथ ही आपदा के लिहाज से अति संवेदनशील इलाकों का चिन्हीकरण भी कराया जाएगा।

दुर्गम क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से उपलब्ध कराएं खाद्यान्न
अमृत विचार, अल्मोड़ा / पिथौरागढ़ : सीएम पुष्कर धामी ने पिथौरागढ़ जिले के आपदा ग्रस्त इलाकों के भ्रमण के दौरान अधिकारियों को दुर्गम क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले में एक महीने के लिए हेली सेवा बढ़ा दी है और अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए तीन महीने का खाद्यान्न भंडारण करने के निर्देश भी दिए हैं।

मृतकों के प्रति जताई शोक संवेदना
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने जुम्मा और आसपास के क्षेत्रों में आई आपदा में मारे गए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। जुम्मा के भ्रमण के दौरान उन्होंने एसएसबी कैंप में आयोजित शोक सभा में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति सरकार पूरी तरह गंभीर है और उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।

संबंधित समाचार