हल्द्वानी: जेनेरिक दवाओं की मुफ्त किट पाकर खिले बुजुर्गों के चेहरे
हल्द्वानी, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को सुशीला तिवारी अस्पताल के जनऔषधि केंद्र में 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त दवा किट बांटी गई। इस मौके पर निशुल्क ब्लड प्रेशर और शुगर जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें पहाड़ के दूर दराज के क्षेत्रों से आए …
हल्द्वानी, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को सुशीला तिवारी अस्पताल के जनऔषधि केंद्र में 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त दवा किट बांटी गई।

इस मौके पर निशुल्क ब्लड प्रेशर और शुगर जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें पहाड़ के दूर दराज के क्षेत्रों से आए मरीजों ने जांच कराई। मरीजों ने जेनेरिक दवाओं के सस्ता और असरकारी होने पर खुशी जताई।

जनऔषधि परिचर्चा के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे। चीफ फार्मासिस्ट एलएम भट्ट ने बताया कि बीपीपीआई द्वारा संचालित जन औषधि केंद्र में सभी रोगों की दवाइयां बेहद कम दाम पर उपलब्ध हैं। जिनका अस्पताल में आने वाले रोगियों को फायदा मिलता है।

जनऔषधि केंद्र की फार्मासिस्ट प्रतिभा ठठोला ने बताया कि जनऔषधि केंद्र में 1451 प्रकार की दवाइयां और 240 सर्जिकल उपकरण उपलब्ध रहते हैं। 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं मिलने से पहाड़ के दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को राहत मिलती है। उन्होंने कहा गुणवत्ता के लिहाज से भी जेनेरिक दवाएं काफी बेहतर हैं। बुजुर्ग पीसी चंदोला और जीवन सिंह नेगी ने बताया कि जेनेरिक दवाओं की कीमत बेहद कम है, इसके साथ ही यह असरकारी भी हैं।
