हल्द्वानी: पिता की सीख ने डॉ. गोल्डी को बना दिया गजब का जुनूनी, अब बनाया ये रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बचपन में पिता की ओर से हमेशा बेहतर और सर्वश्रेष्ठ करने की सीख को डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर सच साबित करके दिखा दिया। इस सफर में उनकी धर्मपत्नी अनीता अग्रवाल ने भी बखूबी साथ दिया। यही वजह है कि आज डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। बचपन में पिता की ओर से हमेशा बेहतर और सर्वश्रेष्ठ करने की सीख को डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर सच साबित करके दिखा दिया। इस सफर में उनकी धर्मपत्नी अनीता अग्रवाल ने भी बखूबी साथ दिया। यही वजह है कि आज डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश और विदेश में अपने नायाब रिकॉर्ड्स के लिए जाने जाते हैं।

रिकॉर्ड की जानकारी देते डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी और डॉ. अनीता अग्रवाल ,साथ में नाती और नातिन।

एक बार फिर हल्द्वानी के डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी और उनकी पत्नी अनीता अग्रवाल ने लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड 2022 के नवीनतम संस्करण में कॉइन्स एंड करेंसी कैटेगरी में पांच रुपये के सिक्कों का नया रिकॉर्ड कायम किया है।

अमृत विचार से खास बातचीत में डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी ने बताया कि वर्तमान में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार, आंध्र प्रदेश के गणिकोटा लहरी के पास पांच रुपये के गोल्ड कलर के सिक्कों की संख्या 32 और विभिन्न डिजाइनों के साथ 2035 है। जबकि उनके पास एक मार्च 2022 तक 119 वैरायटी और विभिन्न वर्षों के अनुसार रुपये वाले सिक्कों की संख्या 2727 तक पहुंच चुकी है। डॉ. अग्रवाल का कहना है कि जिस दिन नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, उसी दिन से यानि 26 मई 2014 से हम दोनों ने मिलकर पांच रुपये के सिक्कों का संग्रह शुरू किया था। अग्रवाल दंपति की तमन्ना है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए 10 वर्ष का कार्यकाल अर्थात 3650 दिन पीएम का कार्यकाल पूरा होने तक उनके पास भी विशेष सिक्कों की संख्या 3650 तक पहुंच जाए। अग्रवाल दंपति ने रिकॉर्ड बनाने के बाद इसका विवरण लिम्का बुक कार्यालय गुरुग्राम को भेज दिया है।

इन्हीं पांच रुपये के खास सिक्कों से बनाया डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी और डॉ. अनीता अग्रवाल ने रिकॉर्ड।

बता दें कि डॉ गोल्डी के पास देश की मशहूर हस्तियों, क्रांतिकारियों और विभिन्न राजनेताओं के नाम पर जारी सिक्कों के अलावा भारत के प्राचीन समय से वर्तमान समय तक के प्रचलित पुराने और नए सभी प्रकार के सिक्कों का विशेष संग्रह है। इतना ही नहीं 100 से अधिक देशों के विदेशी सिक्के भी डॉक्टर प्रमोद कुमार गोल्डी के संग्रह में शामिल हैं। बाजार में चलने वाले सभी सामान्य सिक्कों के अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा विशिष्ट अवसरों पर जारी किए जाने वाले स्मारक सिक्कों का भी अद्भुत संग्रह डॉ. प्रमोद के पास है। अपने अद्भुत नोटों के संग्रह के चलते प्रमोद गोल्डी के नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड व लिम्का बुक में कई रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं।

रिकॉर्ड की जानकारी देतीं डॉ. अनीता अग्रवाल।

डॉ. गोल्डी ने एसबीआई के चालू खाते में ऑड अंकों वाले रुपयों की 3000 एन्ट्रियां (रुपए जमा और निकासी) करने का रिकार्ड भी बनाया। उन्होंने भोपाल के सुधीर पांडे के ऑड अंकों वाले रुपयों की 2772 एन्ट्रियों के रिकार्ड को तोड़ा। ऑटोग्राफ और फोटोग्राफ के अद्भुत कलेक्शन के कारण भी प्रमोद अग्रवाल की उत्तराखंड में एक अलग पहचान है। 10,000 से अधिक वीआईपी फोटोग्राफ और करीब 1000 से अधिक विशिष्ट जनों के ऑटोग्राफ का संग्रह उनकी कुछ अलग करने के जुनून को दर्शाता है।

संबंधित समाचार