रुद्रपुर: दानपुर में जमीनी विवाद के चलते फायरिंग, लोगों में दहशत
रुद्रपुर, अमृत विचार। दानपुर क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर पत्नी व बच्चों के सामने पिस्टल तान दी। इसके साथ ही हवा में चार राउंड फायरिंग करने से क्षेत्र में दहशत भी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौक़े से एक जिन्दा कारतूस व चली हुई …
रुद्रपुर, अमृत विचार। दानपुर क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर पत्नी व बच्चों के सामने पिस्टल तान दी। इसके साथ ही हवा में चार राउंड फायरिंग करने से क्षेत्र में दहशत भी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौक़े से एक जिन्दा कारतूस व चली हुई गोली का खोका बरामद किया है। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज़ खंगालते हुए हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कीरतपुर के साईं विहार निवासी जोगेंदर ने गांव में ही प्रॉपर्टी डीलर दानपुर निवासी गोविंद नाम के व्यक्ति की मदद से पांच लाख रुपये में एक प्लाट ख़रीदा था। प्लाट कीरतपुर निवासी नीतू नाम की महिला के नाम पर था। प्लाट की तय रकम में से जोगेंदर ने 3.70 लाख रुपये अदा कर दी थी और शेष 1.30 लाख रुपये का एक चेक महिला व उसके पति को दिया था।
लेकिन उसके बावजूद प्लाट पर महिला व उसके पति का ही कब्ज़ा था। कई बार कहने के बाद भी महिला व उसका पति प्लाट खाली नहीं कर रहे थे। जिस पर पीड़ित ने गोविंद से प्लाट खाली कराने को कहा था। जिसको लेकर गोविंद ने दानपुर स्थित अपनी मोबाइल शॉप पर महिला व उसके पति और जोगेंदर को बुलाया था। सोमवार शाम साढ़े चार बजे करीब गोविंद की मध्यस्ता में दोनों पक्षों में जमीन खाली करने को लेकर बातचीत चल रही थी।
तभी उनकी किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गयी। आरोप है कि तभी महिला के पति ने अपनी कमर से दो पिस्टल निकाल ली और एक पिस्टल जोगेंदर की कनपटी पर रखते हुए धमकी दी। बीच बचाव को आई जोगेंदर की पत्नी सपना और अन्य लोगों को भी महिला के पति ने पिस्टल दिखाकर और हवा में तीन राउंड फायरिंग कर डराया व धमकाया। जिसके बाद लोगों की बढ़ती संख्या देखा महिला अपने पति को स्कूटी में बैठाकर ले गई।
जाते-जाते भी उसने हवा में एक राउंड फायर किया। सूचना पर पहुंचे एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी व पुलिस टीम ने मौके से एक जिंदा कारतूस और एक चली हुई गोली का टूटा हुआ खाली खोखा बरामद किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में महिला का पति साफ तौर पर हाथ में पिस्टल लिये और फायरिंग करते हुए देखा गया। जिसके बाद पुलिस ने मध्यस्थता कर रहे गोविंद को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी ने बताया कि जमीनी विवाद में फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगाल आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
