हल्द्वानी: देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी, बजरंग दल ने थाना घेरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। इंस्टाग्राम पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आने पर बजरंग दल ने काठगोदाम थाना घेरकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मामला तूल पकड़ने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बद्रीपुरा निवासी बजरंग दल के जिला संयोजक जोगेन्द्र सिंह राणा ने नई बस्ती काठगोदाम निवासी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। इंस्टाग्राम पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आने पर बजरंग दल ने काठगोदाम थाना घेरकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मामला तूल पकड़ने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बद्रीपुरा निवासी बजरंग दल के जिला संयोजक जोगेन्द्र सिंह राणा ने नई बस्ती काठगोदाम निवासी शहजाद अंसारी पुत्र इजहार अंसारी के खिलाफ सोशल साइट्स पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ता ललित सिंह ने बताया कि उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से एक पोस्ट किया था, जिस पर शहजाद ने अभद्र टिप्पणी करनी शुरू कर दी। मना करने के बावजूद वह देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता रहा। इससे कार्यकर्ताओं में उबाल आ गया।
बजरंग दल के जिला संयोजक जोगेन्द्र सिंह राणा के साथ दीपक पांडे, सुरेश बिष्ट, कार्तिक हरबोला, जगदीश द्योरी, पंकज रावत, चंदन पांडा आदि काठगोदाम थाने जा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर बनभूलपुरा और मुखानी थाने के फोर्स के साथ एसपी क्राइम डॉ. जगदीश सिंह और सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी भी काठगोदाम थाने पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता करते हुए जोगेन्द्र की तहरीर पर धारा 295ए, 153ए, 505 के तहत रिपोर्ट दर्ज करते हुए शनिवार देर रात आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
