द्रौपदी मुर्मू का बंगाल दौरा, राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन मांगने के लिए भाजपा सांसदों से करेंगे मुलाकात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के मद्देनज़र मंगलवार को पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी। सांसदों का समर्थन हासिल करने के लिए मुर्मू विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहीं हैं। भाजपा सूत्रों …

कोलकाता। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के मद्देनज़र मंगलवार को पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी। सांसदों का समर्थन हासिल करने के लिए मुर्मू विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहीं हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि वह सोमवार की शाम करीब सात बजे कोलकाता पहुंचेंगी। भाजपा के एक नेता ने बताया, ”12 जुलाई की सुबह वह सबसे पहले शहर में स्वामी विवेकानंद के पैतृक घर जाएंगी।

फिर वह सुबह करीब 10 बजे एक होटल में भाजपा सांसदों से मिलेंगी।” बता दें कि मुर्मू का नौ जुलाई को कोलकाता जाने का कार्यक्रम था, लेकिन जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के सम्मान में घोषित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर इसे रद्द कर दिया गया। पूर्व प्रधानमंत्री, 67 वर्षीय आबे की आठ जुलाई को जापान के एक पश्चिमी शहर नारा में अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करते समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि ओडिशा की एक आदिवासी भाजपा नेता मुर्मू राष्ट्रपति पद के लिए आम सहमति की उम्मीदवार हो सकती थीं, अगर भाजपा ने उन्हें मैदान में उतारने से पहले विपक्षी दलों के साथ चर्चा की होती। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सहित गैर-भाजपा दलों ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को संयुक्त उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा के 17 लोगसभा सांसद हैं। इनमें से अर्जुन सिंह तृणमूल कांग्रेस में चले गए हैं लेकिन उन्होंने बतौर सांसद इस्तीफा नहीं दिया है। राज्य विधानसभा में भाजपा के 75 विधायक हैं। इनमें से पांच तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं लेकिन उन्होंने भी बतौर विधायक इस्तीफा नहीं दिया है।

यह भी पढ़ें-Weather Updates : गुजरात, मध्य प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, महाराष्ट्र में रेड अलर्ट


संबंधित समाचार

टॉप न्यूज