हल्द्वानी: एक फिजिशियन के सहारे बेस अस्पताल के मरीज
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में एक फिजिशियन के सहारे मरीजों का इलाज हो रहा है। यहां तैनात चिकित्सक पर ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक मरीजों का भार है। अस्पताल प्रशासन दूसरे फिजिशियन की नियुक्ति के लिए शासन से लंबे समय से मांग करते आ रहा है, लेकिन अभी तक फिजिशियन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में एक फिजिशियन के सहारे मरीजों का इलाज हो रहा है। यहां तैनात चिकित्सक पर ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक मरीजों का भार है। अस्पताल प्रशासन दूसरे फिजिशियन की नियुक्ति के लिए शासन से लंबे समय से मांग करते आ रहा है, लेकिन अभी तक फिजिशियन की नियुक्ति नहीं हो पाई है। ऐसे में अधिकांश मरीजों को एसटीएच या निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ रही है।
करीब 200 बेड की संख्या वाले बेस अस्पताल में रोजाना कुमाऊं भर के अलावा शहर व आसपास के इलाकों से सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं। यहां चिकित्सकों के स्वीकृत पदों में से आधे चिकित्सक ही अस्पताल में तैनात हैं। जिनके ऊपर हर रोज सैकड़ों मरीजों का भार रहता है। जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
अस्पताल में तैनात फिजिशियन डा. विनीता निखुर्पा रोजाना ओपीडी में रोजाना सौ से अधिक मरीजों का इलाज करती हैं। सुबह से ही मरीजों का फिजिशयन कक्ष के बाहर भीड़ लग जाती है। एकमात्र फिजिशियन होने से मरीजों को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता है। कई मरीज चिकित्सक को दिखाये बिना ही एसटीएच या निजी अस्पताल की शरण में चले जाते हैं।
यूं तो बेस अस्पताल प्रशासन लंबे समय से अस्पताल में फिजिशियन के अलावा अन्य चिकित्सकों की तैनाती के लिए शासन से मांग करते आ रहा है, लेकिन अभी तक किसी भी चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। अस्पताल में कब तक चिकित्सकों की तैनाती होगी, इसका जिम्मेदार अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है।
अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों को लेकर समय-समय पर रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाती है। जल्द से जल्द चिकित्सकों की तैनाती के लिए प्रयास किये जा रहे हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
– डॉ. सविता हृयांकी, पीएमएस बेस अस्पताल
पदनाम स्वीकृत पद रिक्त पद
फिजिशियन 3 2
सर्जन 3 1
एनेस्थेटिक 3 1
बालरोग विशेषज्ञ 4 1
हड्डी रोग विशेषज्ञ 2 1
दन्त सर्जन 1 1
रेडियोलॉजिस्ट 2 1
ईएनटी सर्जन 2 1
चर्म रोग विशेषज्ञ 1 1
स्त्री रोग विशेषज्ञ 4 3
मनोरोग चिकित्सक 1 1
फोरेंसिक 1 1
माइक्रो बायलॉजी 1 1
स्टाफ नर्सिंग 3 1
उपचारिका 35 5
कनिष्ठ सहायक 1 1
वाहन चालक 2 1
लैब सहायक 6 6
