काशीपुर: आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर होगा आंदोलन – फलौदिया
काशीपुर, अमृत विचार। यूपी पुलिस की दबिश के दौरान जसपुर के ज्येष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख गुरताज भुल्लर के घर हुए विवाद में गोली लगने से उनकी पत्नी की मौत के मामले में ऑल इंडिया सिख प्रतिनिधि बोर्ड सदस्यों ने बीस अक्तूबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को …
काशीपुर, अमृत विचार। यूपी पुलिस की दबिश के दौरान जसपुर के ज्येष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख गुरताज भुल्लर के घर हुए विवाद में गोली लगने से उनकी पत्नी की मौत के मामले में ऑल इंडिया सिख प्रतिनिधि बोर्ड सदस्यों ने बीस अक्तूबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को ऑल इंडिया सिख प्रतिनिधि बोर्ड सदस्यों ने यूपी से ज्येष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद बोर्ड के यूपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फलौदिया ने प्रेस वार्ता कर घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक मृतका गुरप्रीत का अस्थि विसर्जन नहीं किया जाएगा। साथ ही इसे लेकर सिख समाज आंदोलन करेगा।
उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 20 अक्टूबर तक का समय दिया है। कहा है कि यदि नियत समय तक आरोपी नहीं पकड़े गए तो सिख समाज आंदोलन करेगा। उन्होंने इस मामले में उत्तराखंड सरकार पर भी भेदभाव का आरोप लगाया और उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही यूपी पुलिस एक जनप्रतिनिधि के घर में घुस गई और गोलीबारी कर एक महिला की जान ले ली। जब स्थानीय लोगों ने यूपी पुलिस के कुछ जवानों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया तो वे पुलिस हिरासत से भाग निकले। इन सब घटनाओं से उत्तराखंड पुलिस की लापरवाही ही उजागर हो रही है।
