रामनगर: डांट से क्षुब्ध छात्र ने शिक्षिका को मारा थप्पड़
रामनगर, अमृत विचार। पीरुमदारा स्थित किसान इंटर कॉलेज में डांट से क्षुब्ध छात्र ने अपने साथियों को बुलाकर शिक्षिका को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं उसने शिक्षिका को पेन चुभा कर चोटिल भी कर दिया। बीचबचाव में आए शिक्षक के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उन्हें भी घायल कर दिया। बचाने आए छात्रों …
रामनगर, अमृत विचार। पीरुमदारा स्थित किसान इंटर कॉलेज में डांट से क्षुब्ध छात्र ने अपने साथियों को बुलाकर शिक्षिका को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं उसने शिक्षिका को पेन चुभा कर चोटिल भी कर दिया।
बीचबचाव में आए शिक्षक के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उन्हें भी घायल कर दिया। बचाने आए छात्रों को भी पीटा गया। घटना के बाद आरोपी छात्र अपने साथियों के साथ लाठी झंडे लहराते हुए फरार हो गया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस संदर्भ में कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को अध्यापिका सीता रावत कक्षा सात की कक्षा में पढ़ाने गईं। इस दौरान उन्होंने देखा कि एक छात्र अनुशासनहीनता कर रहा था। सीता रावत ने छात्र की फटकार लगाई तो वह तमतमाता हुआ क्लास से बाहर चला गया। कुछ देर बाद वह अपने गांव से दो और लड़कों को बुला लाया।
तीनों ने क्लास में घुसकर अध्यापिका सीता रावत के थप्पड़ जड़ दिए। उन्हें पेन भी चुबोना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर बगल की क्लास में पढ़ा रहे अध्यापक गौरव रावत ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने लोहे की रॉड मारकर उनका सिर फोड़ दिया। हमलावरों ने शोरगुल सुनकर बाहर आए छात्रों को भी नहीं बख्शा।
इस वारदात में छात्र जगदीश रावत, विक्की और काजल भी घायल हो गए। घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में आरोपियों की इस करतूत को लेकर काफी गुस्सा है। विद्यालय के प्रबंधक सतनाम सिंह और व्यापार मंडल के दीपक पाल, पूरन शर्मा ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षिका से मारपीट के आरोपी पुलिस हिरासत में
रामनगर। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि शिक्षिका व अध्यापक से मारपीट करने के मामले में हरेंद्र सिंह प्रधानाचार्य किसान इंटर कॉलेज पीरुमदारा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल ने बताया कि विद्यालय में घुसकर ऐसी घटना करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस और भी साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी है।
