हल्द्वानी: नहर कवरिंग में लापरवाही पर जवाब-तलब, कुमाऊं आयुक्त ने लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को मल्ला गोरखपुर में नहर कवरिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने नहर कवरिंग के लिए बनने वाले 720 स्लैब में से अब तक मात्र 15 स्लैब बनने पर अधिशासी अभियंता सिंचाई किशन सिंह बिष्ट को फटकार लगाते हुए जवाब तलब किया। साथ ही अधीक्षण अभियंता सिंचाई …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को मल्ला गोरखपुर में नहर कवरिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने नहर कवरिंग के लिए बनने वाले 720 स्लैब में से अब तक मात्र 15 स्लैब बनने पर अधिशासी अभियंता सिंचाई किशन सिंह बिष्ट को फटकार लगाते हुए जवाब तलब किया। साथ ही अधीक्षण अभियंता सिंचाई संजय शुक्ल को कार्यों की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने सिंचाई विभाग, लोनिवि व जल संस्थान के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिये। साथ ही एक नवंबर से कार्य प्रारंभ कर प्रत्येक दिन के कार्य की प्रगति के फोटोग्राफ व वीडियो भेजने को कहा। जिस पर अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि सोमवार से नहर का पानी बंद कर कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा।

इसके बाद आयुक्त रावत ने ठंडी सड़क नहर कवरिंग कार्य का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि नहर कवरिंग में 900 स्लैब बनने हैं, जिसमें से 150 स्लैब बन चुके हैं। सोमवार से नहर का पानी बंद कर शेष स्लैब पर कार्य शुरू कर दिया जायेगा। आयुक्त ने चौफुला चौराहा से ऊंचापुल नहर कवरिंग का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता सिंचाई को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। आयुक्त रावत ने कहा कि कार्यों में समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। कोताही होने पर सम्बन्धितों के खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल सक्सेना, सिंचाई संजय शुक्ल, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्टेट ऋचा सिंह, उपजिलाधिकारी मनीष कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक चौधरी, सिंचाई केएस बिष्ट, जलसंस्थान संजय श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

पार्कों में गंदगी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
आयुक्त दीपक रावत ने ठंडी सड़क स्थित पार्कों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों में कूड़ा-कचरा फैले वाले होने पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल को फटकार लगाई। साथ ही नियमित सफाई की चेकिंग कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिये। आयुक्त ने पार्कों में आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर पुलिस को रोजाना चेकिंग कर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए चालान करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुये कहा कि अगर पार्कों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त नहीं मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।

सड़क पर बर्तन धोना पड़ा महंगा, लाइसेंस निरस्त
आयुक्त दीपक रावत निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप लाइन पहुंचे। जहां गुप्ता रेंस्टारेंट व छटवाल चिकन सेंटर की दुकानों के कर्मचारी सड़क पर बर्तनों की सफाई करते दिखे। इस पर आयुक्त ने मौके पर खाद्य अधिकारी को निरीक्षण कर दोनों दुकानों का लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिये।

संबंधित समाचार