मुरादाबाद : गो-हत्या पर भड़के बजरंग दल के कार्यकर्ता, पुतला फूंका
मुरादाबाद,अमृत विचार। रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गो हत्या के विरोध में सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और रामपुर दोराहे पर गो हत्यारों का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से गोहत्या पर अंकुश लगाने और गो हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार किए जाने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार होने के बावजूद जनपद में गो हत्या पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि गोट गांव में लगातार गो हत्याएं की जा रही है, लेकिन पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही। बार-बार जानकारी देने के बाद भी पुलिस गो हत्याएं नहीं रोक पा रही है। प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रामपुर दोराहे पर गो हत्यारों का पुतला दहन किया है और पुलिस से गो हत्याओं पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की।
चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुलिस ने गो हत्याओं पर रोक नहीं लगाई तो राष्ट्रीय बजरंग दल बड़ा आंदोलन करेगा। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के महानगर महामंत्री अमित अग्रवाल, बजरंग दल विभाग महामंत्री गौरव सैनी, अतुल यादव, जतिन प्रजापति,अजय व अमन समेत अन्य लोग शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सड़क हादसे में उत्तराखंड के युवक की मौत, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
