क्या मुंबई स्थित आवास से गायब हैं रिया चक्रबर्ती?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की प्रेमिका अभिनेत्री रिया चक्रबर्ती कथित रूप से शहर में अपने आवास से गायब हैं। अभिनेत्री के खिलाफ सुशांत के पिता द्वारा पटना में एक प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने रिया की तलाश शुरू कर दी है, जिसने पहले दिवंगत अभिनेता …

मुंबई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की प्रेमिका अभिनेत्री रिया चक्रबर्ती कथित रूप से शहर में अपने आवास से गायब हैं। अभिनेत्री के खिलाफ सुशांत के पिता द्वारा पटना में एक प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने रिया की तलाश शुरू कर दी है, जिसने पहले दिवंगत अभिनेता की प्रेमिका होने की बात कबूल की है।

दिवंगत अभिनेता के पिता कृष्ण कुमार सिंह द्वारा प्राथमिकी में किए गए दावों की जांच के लिए मंगलवार को पटना से चार सदस्यीय पुलिस दल मुंबई पहुंचा। टाइम्स नाउ न्यूज डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि, जब बिहार पुलिस की टीम रिया के आवास पर पहुंची, तो वह उन्हें वहां नहीं मिली।

राजीव नगर पुलिस थाना प्रभारी योगेंद्र रविदास ने मंगलवार को कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता के.के. सिंह ने रिया सहित छह लोगों पर सप्ताहांत में प्राथमिकी दर्ज कराई, और अपनी शिकायत (एफआईआर संख्या 241/20) में उन्होंने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पटना सेंट्रल जोन के आईजी संजय कुमार ने संवाददाताओं को बताया, “सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा दायर कराई गई एफआईआर के बाद रिया चक्रबर्ती और पांच अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 340, 341, 380, 406, 420 और 306 के तहत आरोप लगाए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।”

रिपोटरें के अनुसार, अभिनेत्री संभवत: सुशांत के पिता द्वारा उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के खिलाफ अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की योजना बना रही हैं, और इसलिए वह पुलिस के संपर्क में नहीं आ रही हैं। रिया चक्रवर्ती बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के समय तक उन्हें डेट कर रही थीं। दोनों जल्द ही शादी करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, सुशांत का 14 जून को निधन हो गया। अभिनेता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत को आत्महत्या का मामला बताया गया है।

सुशांत मामला : स्वामी ने कहा, नीतीश को सीबीआई जांच से आपत्ति नहीं
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सुशांत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच से कोई आपत्ति नहीं है। भाजपा नेता ने नीतीश कुमार के साथ अपनी बातचीत के बारे में कहा, “उन्होंने कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, वे चाहते हैं सुशांत के सभी दोषियों को पकड़ा जाए।” स्वामी ने बिहार के मुख्यमंत्री से फोन पर बात की। उन्होंने पटना पुलिस की भूमिका और नीतीश कुमार सरकार द्वारा गहन जांच के लिए दिए जा रहे फ्री हैंड की प्रशंसा की।

स्वामी ने बुधवार को कहा कि वह सीबीआई जांच के लिए कदम उठाएंगे। इससे पहले उन्होंने एक वकील से सुशांत की मौत की परिस्थितियों पर गौर करने और यह पता लगाने के लिए कहा था कि क्या इसमें सीबीआई जांच होने की संभावना है या नहीं। रिया चक्रवर्ती ने पिछले दिनों स्वीकार किया था कि वह सुशांत की गर्लफ्रेंड रही है और उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।

सुशांत के खाते से मोटी रकम निकालने की होगी जांच, कई लोगों से हो सकती है पूछताछ
बिहार पुलिस ने मुंबई में पटना के रहने वाले और बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में सुशांत के बैंक खाते से निकाले गए रुपयों के मामले की जांच भी करेगी। इस मामले में पुलिस कई लोगों से पूछताछ भी कर सकती है। बिहार पुलिस के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पहुंची बिहार पुलिस की टीम ने बांद्रा के उच्च पुलिस पदाधिकारियों से मुलााकत की है, जिसके बाद उन्हें इस हाईप्रोफाइल मामले में सहयोग दिए जाने का आश्वासन देते हुए उन्हें डीसीपी इंवेस्टिगेशन और डीसीपी क्राइम से मिलने की बात कही गई है।

सुशांत के परिवार ने रिया के खिलाफ बहुत विस्तृत मामला तैयार किया है : वकील
सुशांत सिंह राजपूत के रिश्तेदारों का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील ने कहा है कि दिवंगत अभिनेता के परिवार ने अभिनेत्री रिया चक्रबर्ती के खिलाफ एक बहुत विस्तृत मामला तैयार किया है। ‘टाइम्सनाउन्यूजडॉटकॉम’ के मुताबिक, सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह के वकील विकास सिंह ने कहा, “परिवार ने उसके (रिया के) खिलाफ एक बहुत विस्तृत मामला तैयार किया है, कैसे उसने उन्हें (सुशांत) बहकाया, कैसे उसने नौकरों और बॉडीगार्ड को बदल दिया, कैसे उसने उनके खाते से पैसे निकाले, कैसे उसने उनके क्रेडिट कार्ड आदि का इस्तेमाल किया। रिया उन्हें डॉक्टरों के पास ले गई, इलाज कराया, लेकिन इलाज में कभी भी परिवार को शामिल नहीं किया गया। वह इस बात पर नजर रखती थी कि उन्हें कौन-सी दवाएं लेनी चाहिए।”

संबंधित समाचार