बरेली: आंवला में खुलेगी डालमिया ग्रुप की चीनी मिल, जुड़ेंगे 50 हजार किसान

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

गांव इस्माइलपुर में 500 बीघा भूमि चिन्हित, किसानों से अनुबंध हुआ

महिपाल गंगवार, बरेली, अमृत विचार। जिले में जल्द डालमिया ग्रुप की एक नई चीनी मिल स्थापित होगी। इसके लिए आंवला के इस्माइलपुर गांव में 500 बीघा जमीन चिन्हित की गई है। किसानों से जमीन को लेकर मिल प्रशासन का अनुबंध भी हो गया है। मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार को सभी दस्तावेजों के साथ फाइल भेज दी गई है। जिस पर जल्द अनुमति मिलने की बात कही जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक नई चीन मिल खुलने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: लहरा उठा परचम-ए-नियाज़िया, दस रोजा उर्स का हुआ आगाज़

गन्ना जिले के किसानों की प्रमुख फसल है। अधिकारियों के अनुसार चीनी मिलों के एथेनॉल की ओर बढ़ने से मिलों को फायदा हुआ है। मंडल में डालमिया ग्रुप की एक चीनी मिल निगोही में है। जो बड़े पैमाने पर बी हैवी शीरा और एथेनॉल का उत्पादन कर रही है। भुगतान के मामले में भी इस मिल का प्रदेश स्तर पर रिकार्ड अच्छा रहा है।

यह ग्रुप अब आंवला में नई चीनी मिल खोल रहा है। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। उनके मुताबिक चीनी मिल के खुलने से बाकी मिलों का एरिया कम होगा और गन्ना खरीद की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। इतना ही नहीं किसानों का गन्ना समय से बिकेगा और परेशानी कम होगी।

चीनी मिल से जुड़ेंगे 50 हजार किसान
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक आंवला तहसील में करीब 50 हजार किसान 800 हेक्टेयर में गन्ना की खेती करते हैं। इस चीनी मिल से किसानों को फायदा होगा। उन्हें गन्ना लेकर दूर दराज की मिलों पर नहीं जाना पड़ेगा। डीसीओ के मुताबिक कमिश्नर से अनुमति मिलने के बाद करीब दो साल में यह मिल पेराई शुरू कर देगी। मिल चलने पर गन्ने का रकबा बढ़ेगा और किसानों को समय से पर्ची मिलेंगी।

दो लाख क्विंटल गन्ने की हो रही आपूर्ति
जिले में करीब सवा लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती होती है। इसके साथ ही जनपद की पांचों चीनी मिलों को किसान करीब दो लाख क्विंटल गन्ने की आपूर्ति करते हैं। पिछले कुछ वर्षों में गन्ने के रकबे में पांच हजार हेक्टेयर तक की बढ़ोत्तरी हुई है। चीनी मिलों ने भी पेराई क्षमता में वृद्धि की है। अब आंवला क्षेत्र में चीनी मिल लगाई जा रही है, जो बड़ी पेराई क्षमता के साथ खुलेगी। इसके लिए मिल गन्ना विभाग से रकबा भी मांगेगी।

डालमिया ग्रुप के अधिकारी नई चीनी मिल स्थापित करने के लिए आंवला में करीब 500 बीघा जमीन चिन्हित कर चुके हैं। किसानों से जमीन का अनुबंध भी हो गया है। कमिश्नर को स्वीकृति के लिए फाइल भेजी गई है। अनुमति मिलते ही ग्रुप आगे की कार्रवाई शुरू कर देगा---यशपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी।

यह भी पढ़ें- बरेली: सर्दी में कार के AC-Heater चलाते समय शीशे को थोड़ा खुला रखें- परिवहन विभाग

संबंधित समाचार