बरेली: हाथ सेकते समय महिला के कपड़ों में लगी आग, दो मासूम भी झुलसे
मां और दोनों बच्चों को कराया गया जिला अस्पताल में भर्ती
बरेली, अमृत विचार। जिले में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। इसके वजह से हर कोई अलाव जलाकर हाथ सेक रहा है। इस बीच बीती रात तसले पर हाथ सेकते समय एक महिला के कपड़ो में आग लग गई। जिससे वह गंभीर रुप से झुलस गई। साथ ही बैठे उसके दो मासूम बच्चे भी आग के चपेट में आ गए। जिसके बाद उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना सुभाष नगर के शांति विहार में रहने वाले सुरेश ने बताया कि बीती रात उसकी 28 वर्षीय पत्नी उर्मिला देर रात 3 वर्षीय बेटी निधि व 4 वर्षीय बेटा आदित्य के साथ घर में लोहे के तसले में आग जलाकर हाथ सेक रहे थे। तभी अचानक से उर्मिला के कपड़ों में आग लग गई। आग लगने से जब उर्मिला चिल्लाई तो पास में बैठे बच्चे उससे लिपट गए। जिससे तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में पति ने 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
आग से हाथ सेकते समय रहे सावधान
आग से हाथ सेकते समय सावधान रहे। दो दिन पहले पेट्रोमेक्स पर हाथ सेकते समय एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए थे। जिसमें बुजुर्ग की मौत हो गई।
ठंड में रहें सतर्क
कड़ाके की ठंड में लोग बिजली के उपकरण,लकड़ी आदि से आग जलाकर इसके सहारे से अपने आप को जाड़े से बचाते है। लेकिन जरा सी लापरवाही उनकी जान पर भारी पड़ जाती है। कुछ दिन पहले प्रेमनगर में एक रेस्टोरेंट के कमरे में तीन कर्मचारी अंगीठी जला कर सो रहे थे। दम घुटने से एक की मौत हो गई।
इसी तरह सीबीगंज में एक महिला बिस्तर के पास चाय बना रही थी। जिसमें उसका व 2 साल का बेटा चाय के बर्तन में गिर कर झुलस गए। बीती रात उर्मिला आग से हाथ सेख रही थी। उसे पता ही नहीं चला उसके कपड़ो ने आग पकड़ ली। उसके साथ उसके दोनों बच्चे भी झुलस गए। जरा सी लापरवाही से ठंड में इन तरह की घटनाओं में इजाफा आया है। आग से हाथ तापते या अन्य काम करते समय सावधानी की जरूरत है।
ये भी पढ़ें- बरेली: खेत में खून से लथपथ मिला युवक का शव, नहीं हो सकी पहचान
