रुद्रपुर: G20 के नाम पर व्यापारियों ने लगाया प्रशासन के खिलाफ शोषण करने का आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। जी-20 के नाम पर नैनीताल-रामपुर हाईवे से सौ फिट के दायरे में आ रहे निर्माण कार्यों को हटाये जाने से आक्रोशित व्यापारियों ने विधायक कार्यालय पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। उन्होंने विधायक का घेराव कर समस्या के समाधान की मांग की। विधायक ने डीएम से मुलाकात कर दुकानों को बचाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बताते चलें कि रामनगर में मार्च माह में जी-20 की तैयारियों को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने नैनीताल-रामपुर, किच्छा-काशीपुर हाईवे से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया है। इसी को लेकर सोमवार को भी प्रशासन द्वारा भूखंड से अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद एनएचएआई द्वारा हाईवे से सौ-सौ फिट अंदर की ओर नापजोख की थी।
जिसमें सब्जी मंडी, विधवानी मार्केट, बस स्टैंड से लेकर सुपर मार्केट तक की सैकड़ों दुकानों को चिह्नित किया गया। जिससे व्यापारियों को रोजी-रोटी की चिंता सताने लगी है। मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारी प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगरध्यक्ष संजय जुनेजा और महामंत्री हरीश अरोरा के साथ रविंद्रनगर स्थित विधायक कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर विधायक शिव अरोरा का घेराव किया।
उनका कहना था कि निगम द्वारा पूरे शहर के ध्वस्तीकरण के बाद अभी व्यापारियों का कारोबार पटरी पर नहीं आया था कि अब एनएचएआई ने चिह्नित करना शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि जी-20 के नाम पर अधिकारी व्यापारियों का दोहन कर रहे है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस पर विधायक अरोरा ने डीएम से वार्ता कर व्यापारियों के साथ मुलाकात की और समाधान निकालने को कहा।
