बरेली: सिस्टम का ऐसा हाल, विधवाओं को नहीं दे रहे लाभ, कटवा रहे चक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। समाज कल्याण विभाग की कार्यशैली की शिकायतें अब संपूर्ण समाधान दिवसों में भी पहुंचने लगी हैं। ग्राम खितौसा निवासी शांति देवी के पति छत्रपाल की मृत्यु 18 सितंबर 2020 को हुई थी। इसके बाद शांति देवी ने 21 अप्रैल 2021 को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन अनुदान की राशि आज तक नहीं आई। दो साल से वह समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रही हैं।

शांति देवी ने शनिवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पहुंचकर फरियाद की कि उनके दो बच्चे हैं। जिनकी परवरिश में कठिनाई आ रही है। उन्होंने अनुदान की राशि जारी कराने की मांग की। प्रभारी अधिकारी ने एडीओ पंचायत को सात दिन में जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम चौबारी की कुसुमलता पत्नी स्व. सुधीर सिंह ने फरियाद करते हुए अफसरों को बताया कि 1 सितंबर 2021 को पति की मृत्यु के बाद महिला कल्याण विभाग, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटकर वह परेशान हैं। वह किसी तरह मुश्किलों से जूझकर बच्चों की परवरिश कर रही हैं। घर में और कोई कमाने वाला सदस्य भी नहीं है। प्रभारी अधिकारी ने डीपीओ को स्वयं मामले को देखने के साथ सात दिन में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। सम्पूर्ण समाधान में 42 शिकायतें पहुंचीं, जिसमें से तीन का निस्तारण मौके पर ही किया गया।

कमिश्नर ने शिकायतकर्ताओं को फोन कर लिया फीडबैक
संपूर्ण समाधान दिवस में भीड़ ज्यादा नहीं थीं। सदर तहसील के सभागार में अपर जिलाधिकारी (नगर) डा आरडी पांडेय और एसपी सिटी राहुल भाटी फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे थे, तभी मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल के साथ अचानक सदर तहसील पहुंच गईं। मंडलायुक्त ने रजिस्टर में अधिकारियों की उपस्थिति देखी और पिछले दिवस में आई चार शिकायतकर्ताओं की शिकायतों के निस्तारण होने के संबंध में उन्हें फोन कर जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय पर कराएं। जिस शिकायत का निस्तारण करें, उस शिकायत से संबंधित शिकायतकर्ता संतुष्ट है या नहीं। इसकी जानकारी भी मोबाइल नंबर पर कॉल कर लें। शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्र पर मोबाइल नंबर अवश्य लिखवाएं। उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों में से एक भी लंबित न रखी जाए। उप जिलाधिकारी सदर प्रत्यूष पांडे, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: मौलाना तौकीर रजा पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग

 

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म