कानपुर: ब्राह्मण प्रत्याशी की संभावना, 2024 के समीकरण भी परखेंगे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

भाजपा में मेयर प्रत्याशी के समीकरण टटोलने पहुंचेंगे ब्रजेश पाठक और स्वतंत्रदेव

कानपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव अधिसूचना से पहले भाजपा मेयर प्रत्याशी के लिए संभावित नाम नौ अप्रैल तक फाइनल हो सकता है। महिला सीट होने के बाद दावेदारों की भरमार है। एक अनुमान के मुताबिक 70 के करीब दावेदारों ने आवेदन किया है। जातीय समीकरण के मुताबिक भाजपा यहां पर ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने के मूड में लगती है। अगले साल लोकसभा चुनाव में गैर ब्राह्ण प्रत्याशी मैदान में आ सकता है। 

वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि यदि मेयर ब्राह्मण प्रत्याशी होगा तो लोकसभा में गैर ब्राह्मण उतारा जा सकता है। ऐसे समीकरण में पार्टी सतीश महाना पर फिर दांव लगा सकती है। उन्हें जिताऊ प्रत्याशी माना जाता है। स्थानीय गुटबाजी ने 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्हें कमजोर कर दिया था। फिलहाल पार्टी तो मेयर के लिए किसी मजबूत, अनुभवी कुशाग्र बुद्धि वाली ब्राह्मण महिला प्रत्याशी की तलाश है। 

इसी सिलसिले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आठ अप्रैल और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह नौ अप्रैल को कानपुर आएंगे। मेयर के प्रत्यक्ष चुनाव की शुरुआत 1996 से हुई थी तब महिला सीट घोषित की गयी थी। सरला सिंह को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया था। दूसरी तरफ सपा की उषा रत्नाकर शुक्ला मैदान में थी। सरला को जिताने के लिए अटलजी तक की सभाएं लगायी गयीं थी। 

भाजपा यह चुनाव जीत गयी। दूसरे चुनाव सामान्य सीट हुई। भाजपा ने फिर सरला सिंह पर दांव लगाया लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया। कांग्रेस के अनिल शर्मा उर्फ अन्नी भैया जीत गए। इसके बाद के चुनाव में पंजाबी प्रत्याशी रवींद्र पाटनी ने कांग्रेस के बद्रीनारायण तिवारी को हराकर ब्राह्मण बहुल सीट का मिथक तोड़कर दिखा दिया कि भाजपा किसी को भी जिता सकती है। फिर हालांकि भाजपा का दांव ब्राह्मण प्रत्याशियों पर ही रहा।

अबकी एक बार फिर भाजपा में ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने को लेकर चर्चा है। कांग्रेस में भी ब्राह्मण प्रत्याशी की चर्चा है। सरला सिंह की तरह निवर्तमान मेयर प्रमिला पांडेय एक बार फिर टिकट को लेकर लखनऊ दिल्ली का दौरा करने लगी हैं। लखनऊ से निराश लौटी निवर्तमान मेयर को दिल्ली से कोई ठोस आश्वासन मिला है। पार्टी के अंदरूनी सूत्र उनका टिकट मानकर चल रहे हैं। संभावित ब्राह्मण दावेदारों में प्रमिला पांडे, रीता शास्त्री, मनीषा वाजपेयी, अनीता चतुर्वेदी सहित करीब आठ प्रमुख दावेदार हैं जिन्होंने आवेदन किया है। 

दूसरी वरिष्ठता के आधार पर राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर का नाम चर्चा में हैं। दक्षिण क्षेत्र की पूर्व अध्यक्ष अनीता गुप्ता, वर्तमान अध्यक्ष डॉ बीना आर्य, महिला मोर्चा उत्तर की अध्यक्ष सरोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह का नाम प्रमुख रूप से चर्चा में है। दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ज्यादातर महिलाओं ने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद सत्यदेव पचौरी को अपने आवेदन दे रही हैं।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: आग ने मचाया तांडव, 25 बीघा फसल जलकर हुई राख, मंजर देख रो पड़े किसान

संबंधित समाचार