गदरपुर: खेत में लगी आग से 13 एकड़ में उगी गेहूं की फसल जलकर राख
कंबाइन से फसल काटने के दौरान धधकी आग
खेत स्वामियों ने कंबाइन से आग लगने का आरोप लगा कंबाइन को कब्जे में लिया दमकल के वाहन के पहुंचने से पूर्व आग पर पाया जा चुका था काबू
गदरपुर, अमृत विचार। ग्राम बकेनिया में खेतों में गेहूं की फसल कटाई के दौरान अचानक आग जाने से 13 एकड़ में उगाई गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दमकल के वाहन के पहुंचने से पूर्व ही ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कंबाइन के कारण ही गेहूं की फसल में आग लगी है। गुस्साए ग्रामीणों ने कंबाइन को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना पर राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन करते हुए घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सकेनिया में रविवार को कंबाइन से गेहूं फसल की कटाई के दौरान अचानक आग लग गई। जिससे खेत स्वामियों में हड़कंप मच गया। ग्रामवासी जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग ने देखते ही देखते आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे गेहूं की तैयार खड़ी फसल धूं-धूं कर जलने लगी।
आग की सूचना मिलने पर प्रधान संघ के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह दमकल के वाहन को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। परंतु तब तक देर हो चुकी थीऔर खेतों में खड़ी करीब 13 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग से कनकटा निवासी गगन पुत्र जोगा सिंह की 5 एकड़, सकेनिया के पूरन चंद्र पुत्र महंगा राम की ढाई एकड़, बब्बू पुत्र किशन की 5 एकड़, सुरेश पुत्र चंबा राम की ढाई एकड़ के अलावा बकेनिया के रमेश की आधा एकड़ गेहूं की फसल नष्ट हो गई। आग लगने की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अरुण चौहान ने आग लगने के कारणों की जानकारी लेते हुए नुकसान का आंकलन किया।
