Pilibhit: सपा ने खोले पत्ते...शहर से नसरीन अंसारी सपा प्रत्याशी घोषित

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

सपा ने घोषित किए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी 

पीलीभीत, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।  इसमें कई पूर्व चेयरमैन टिकट हासिल करने में कामयाब रहे हैं।  जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने बुधवार शाम को नकटादाना चौराहा स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर इसकी घोषणा की।

सदर सीट पर एक पूर्व चेयरमैन की पुत्रवधु को टिकट मिलने के कयास अधिक लगाए जा रहे थे।  उनकी ओर से की जा रही प्रचार प्रसार एवं अन्य तैयारियों को देखते हुए इसकी चर्चाएं तेज थी। मगर वह टिकट नहीं पा सके। शहर सीट पर सपा नेता नफीस अहमद अंसारी की पत्नी नसरीन अंसारी को प्रत्याशी घोषित किया गया।  पूरनपुर सीट पर मुज़फ्फर अहमद उर्फ़ हाजी लाडले को टिकट मिला है।  

बीसलपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर पूर्व चेयरमैन नूर अहमद अंसारी अपनी पत्नी रेहाना को टिकट दिलाने में कामयाब रहे। बता दें कि सपा के एक नेता ने उनके खिलाफ चिट्ठा बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजा था। जिसमें गंभीर आरोप लगाए थे। एक दिन पहले सपा जिलाध्यक्ष भी शबनम को टिकट  मिलने की बात कह रहे थे। मगर बुधवार को जब घोषणा की गई तो टिकट  रेहाना को मिला।

 नगर पंचायत नौगवां पकड़िया में पहला चेयरमैन चुना जाना है। ऐसे में यहां पर राजनीति गरमाई हुई है।  यहां से सपा ने संदीप सक्सेना की पत्नी वर्तिका सक्सेना को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।  नगर पंचायत न्यूरिया में शाज़ियापत्नी साबिर हसन को टिकट मिला।  

जहानाबाद में एक बार फिर पूर्व चेयरमैन एजाज अहमद पर सपा ने विश्वास जताते हुए प्रत्याशी घोषित किया।  बरखेड़ा में भी पूर्व चेयरमैन जमीन अहमद को प्रत्याशी बनाया है।   इसके अलावा गुलड़िया भिंडारा, कलीनगर और बिलसंडा सीट पर अभी घोषणा नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बेटी की ससुराल पहुंची मां तो खाली घर में  जली हुई जमीन पर पड़ी मिली बिटिया..जानिए मामला

संबंधित समाचार