निकाय चुनाव 2023: नगर पालिका बस्ती से सपा उम्मीदवार नेहा वर्मा ने दाखिल किया नामांकन
सदर विधायक समेत कई दिग्गज नेता काफिले में रहे मौजूद
बस्ती/अमृत विचार। समाजवादी पार्टी से नगर पालिका परिषद बस्ती से उम्मीदवार नेहा वर्मा ने सदर तहसील में नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इसी के निकाय चुनाव का सियासी तापमान भी चढ़ने लगा है, लेकिन अभी भाजपा और कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार घोषित न किए जाने से से सियासी समीकरणों पर धुंध छाई हुई है।
नगर पालिका परिषद बस्ती समेत अन्य नौ नगर पंचायतों में अब तक अध्यक्ष पद के लिए कुल 87 तथा सदस्यों के 751 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं। रविवार को नामांकन को भीड़ लगी रही। अकेले रविवार को ही अध्यक्ष के 46 तथा सदस्यों के 271 नामांकन पत्र दाखिल हुए। वहीं, नगर पालिका बस्ती में सपा उम्मीदवार नेहा वर्मा पत्नी अंकुर वर्मा की ओर पर्चा दाखिल कर दिया। उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री रामप्रसाद चौधरी, सदर विधायक महेंद्र यादव, सपा नेता अंकुर वर्मा आदि मौजूद रहे।
नेहा वर्मा ने कहा कि जितने के बाद नगर पालिका बस्ती क्षेत्र का विकास ही उनकी प्राथमिकता होगी। उन्हें पूरा भरोसा है कि जनता उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेगी। नेहा वर्मा के नामांकन के बाद से अब लोगों की नजर भाजपा, कांग्रेस और बसपा पर टिकी है। इन दलों की ओर से रविवार देर रात तक या फिर सोमवार सुबह तक उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। क्योंकि सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है।
यह भी पढ़ें:-महराजगंज में नेपाल सीमा पर 15 लाख कीमत की हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
