रुद्रपुर: ड्यूटी के इंतजार में गुजर गए श्रमिकों के नौ दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

21 अप्रैल को सिडकुल की एक कंपनी ने निकाल दिए थे 41 स्थायी मजदूर

पूर्व विधायक ठुकराल के साथ एसडीएम को सौंपा ज्ञापन कंपनी गेट पर वर्दी पहनकर ड्यूटी के आदेश का इंतजार करने का ऐलान

रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल की एक कंपनी द्वारा स्थाई मजदूरों को नौकरी से निकालने के बाद आंदोलित मजदूरों ने नौवें दिन भी गेट के बाहर ड्यूटी का इंतजार कर रोष जताया। लेकिन श्रमिकों को गेट के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इससे नाराज श्रमिकों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ डीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। निकाले गए श्रमिकों की जल्द कार्य बहाली नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

यूनियन के संयुक्त मंत्री शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 21 अप्रैल को कंपनी ने अपना नाम परफेक्ट डाइनामिक्स ऑटो प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री से बदलकर समाज आटोमोटिव रख दिया था और 41 स्थाई मजदूरों को काम से निकाल दिया। जो श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है।

शनिवार को निकाले गए श्रमिकों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ जाकर एसडीएम प्रत्यूष सिंह को ज्ञापन सौंपा। साथ ही बताया कि प्रकरण को लेकर कई बार एएलसी कार्यालय जाकर धरना प्रदर्शन और वार्ता की गई। नौ दिन बीत जाने के बाद भी कंपनी प्रबंधन ने निकाले गए स्थाई मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया है।

अब निकाले गए श्रमिकों ने प्रत्येक दिन कंपनी के गेट के समक्ष वर्दी पहनकर ड्यूटी का इंतजार करने का निर्णय लिया है, ताकि कंपनी प्रबंधन अपनी हठधर्मिता को त्याग कर निकाले गए मजदूरों को गेट एंट्री का फरमान जारी कर दे।

एसडीएम ने आश्वासन दिया कि कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जीवन राम, जयप्रकाश, गौरी शंकर, केशव प्रसाद, धर्मेंद्र पटेल, चरण सिंह, रंजन कुमार, ललित सिंह रावत, जगदंबिका प्रसाद, उदय पाल सिंह, ओम प्रकाश, श्रवण कुमार, राजेश कुमार, जसवंत कुमार, अजीत गंगवार, लक्ष्मण सिंह, राकेश कुमार, सत्यपाल आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार