सपाइयों का नारा था, खाली प्लाट हमारा है : ब्रजेश पाठक
अमृत विचार, अयोध्या । मणिरामदास छावनी से जुड़े भवन के हाल में आयोजित प्रबुद्धवर्ग सम्मेलन के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान सपाइयों का नारा था कि खाली प्लाट हमारा है। माफिया उस काल में गाड़ियों के काफिले के साथ दस-दस बंदूके लेकर चलते थे। आज अपराधी तख्ती लगाकर घूम रहे हैं कि हमको गिरफ्तार कर लो, हम गुंडागर्दी नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलाने का काम किया था। आज जनता उनकी जमानत जब्त कराने का काम करेगी। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि परियोजनाओं की श्रृंखलाओं के माध्यम से केंद्र-प्रदेश सरकार रामनगरी अयोध्या का विकास कर रही है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भाजपा इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि अयोध्या विश्व पयर्टन के मानचित्र पर आ गयी है, जिससे रोजगार सृजन की संभावनाओं को संबल मिलेगा।
महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि के विचारधारा से समाज का प्रत्येक व्यक्ति खुद को जोड़कर देख रहा है। भाजपा प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने यहां 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं दी है। दास बनकर समाज की सेवा करना यही मेरी साधना व तपस्या है। संचालन डॉ. राकेश मणि त्रिपाठी ने किया। नगर निगम चुनाव संयोजक कमलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय पार्षद प्रत्याशी संध्यामणि त्रिपाठी समेत अयोध्या के संत महंत व प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति रही।
महोत्सव के साथ आज से पंचकल्याणक का आगाज
रायगंज स्थित भगवान ऋषभदेव जन्मभूमि दिगम्बर जैन बड़ी मूर्ति स्थल पर महोत्सव के साथ 30 अप्रैल से 7 मई तक पंचकल्याणक संपन्न होगा। प्रांगण में अनेक संत महा पंचकल्याणक में सम्मिलित होने के लिए पहुंच चुके हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और सबसे मुलाकात की। महोत्सव की सम्प्रेरिका भारत गौरव गणिनी प्रमुख आर्यिका शिरोमणि ज्ञानमती माता, प्रज्ञाश्रमणी आर्यिका चंद्रमती माता ससंघ विराजमान हैं। इसी श्रृंखला में आचार्य विपुलसागर महाराज, आचार्य विशदसागर महाराज ससंघ, मुनि अनुसरणसागर जी महाराज ससंघ सान्निध्य देने के लिए तीर्थ परिसर में पहुँच चुके हैं। रविवार की सुबह महोत्सव झंडारोहण के साथ प्रारंभ हो जायेगा।
ये भी पढ़ें - झांसी : असद और अशरफ के एनकाउंटर स्थल पर पहुंचे पूर्व IPS, जताई फेक एनकाउंटर की आशंका
