बरेली: कोरोना संक्रमित प्रसूता की मौत के मामले में होगी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की जांच किए बिना संक्रमित महिला का प्रसव कराने के मामले में सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं। बीते दिनों नवादा शेखान निवासी महिला का निजी अस्पताल ने प्रसव के बाद तीन दिन इलाज किया, हालत नाजुक होने पर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर प्रसूता की एंटीजेन …

बरेली,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की जांच किए बिना संक्रमित महिला का प्रसव कराने के मामले में सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं। बीते दिनों नवादा शेखान निवासी महिला का निजी अस्पताल ने प्रसव के बाद तीन दिन इलाज किया, हालत नाजुक होने पर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर प्रसूता की एंटीजेन से जांच हुई, जिसमें प्रसूता में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिला अस्पताल से कोविड एल-3 अस्पताल में रेफर करते समय प्रसूता की मौत हो गई थी।

आपको बता दें, सोमवार को बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा शेखान निवासी पंकज शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 15 अगस्त को उसकी 25 वर्षीय पत्नी रेनू को प्रसव पीड़ा होने पर सौ फुटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां चिकित्सकों ने बिना कोरोना संक्रमण की जांच किए ही सिजेरियन के जरिए प्रसव कराया। प्रसव के दो दिन बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

डिस्चार्ज होने के दो दिन बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ने लगी तो दोबारा अस्पताल में 19 अगस्त को भर्ती कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने रक्त की कमी बताकर कई यूनिट ब्लड, आठ यूनिट प्लेटलेट्स और दो यूनिट प्लाज्मा चढ़ाया। इसके बाद हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे रविवार को अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

दूसरे निजी अस्पताल में ले गए तो उन्होंने बिना कोरोना की जांच कराए भर्ती करने से इनकार कर दिया और जिला अस्पताल से कोरोना की जांच कराने के लिए कहा। इसके बाद रेनू को जिला महिला अस्पताल में ले गए, जहां कोरोना की एंटीजेन से जांच की गई। बताया गया कि वह कोरोना संक्रमित हैं। इसके बाद एल-3 कोविड अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

एंबुलेंस से कोविड अस्पताल में ले जाते वक्त रविवार रात करीब 10 बजे रास्ते में प्रसूता ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए सोमवार को गुलाबबाड़ी श्मशान भूमि में प्रसूता रेनू का अंतिम संस्कार कराया था।

सीएमओ बोले- दोषियों पर करेंगे कार्रवाई
पूरे प्रकरण की जानकारी होने के बाद सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। सीएमओ ने एसीएमओ डा. अशोक कुमार को मृतक रेनू के पति पंकज से मिलकर जानकारी लेकर लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। सीएमओ डा. विनीत शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी।

संबंधित समाचार