भारत में कोविड-19 के 906 नए मामले सामने आए, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 10,179 हुई 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 906 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,49,84,058 हो गई है। वहीं, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 10,179 रह गई है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 से 20 और मरीजों की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 5,31,814 हो गई है। मृतकों में वे सात लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। 

आंकड़ों के अनुसार, भारत में दैनिक संक्रमण दर 0.70 फीसदी, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.90 प्रतिशत दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.02 प्रतिशत हो गई है, जबकि संक्रमितों के कोविड-19 से उबरने की राष्ट्रीय दर 98.79 फीसदी दर्ज की गई है। 

आंकड़ों के अनुसार, भारत में अभी तक कुल 4,44,42,065 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220,66,94,822 खुराक लगाई जा चुकी हैं। 

ये भी पढ़ें- भारत लाया जाएगा मुंबई हमले का आरोपी तहव्वुर राणा, अमेरिकी अदालत ने दी अनुमति 

संबंधित समाचार