Rudrapur News : प्रबंधन के खिलाफ श्रमिकों का कंपनी गेट पर प्रदर्शन, नोटिस देकर परेशान करने का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Shobhit Singh
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल की नामी गिरामी खाद्य कंपनी के श्रमिकों ने उन्हें बेवजह नोटिस देकर परेशान करने का आरोप लगाते हुए प्रबंधन के खिलाफ कंपनी गेट पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रबंधन पर जबरन माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

बुधवार को नेस्ले मजदूर संघ और नेस्ले कर्मचारी संगठन के कर्मचारी सुबह कंपनी गेट पर इकठ्ठा हुए। जहां उन्होंने कंपनी के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए आक्रोश जताया। उनका कहना था कि वर्ष 2020 में कंपनी प्रबंधन से लिखित समझौता हुआ था। जिसमें कंपनी में कोई भी नये उत्पाद की लॉचिंग होने के बाद उसे श्रमिकों को भी दिए जाने और श्रमिकों का वार्षिक रक्त परीक्षण कराया जाना आदि शर्तें शामिल थीं। 

काफी समय तक जब दोनों ही मुद्दों पर गौर नहीं किया तो यूनियन ने पुन: यह मुद्दा उठाया। उनका आरोप था कि इससे खिन्न होकर कंपनी प्रबंधन शांतिपूर्ण माहौल को खराब करते हुए श्रमिकों को बेवजह नोटिस एवं चार्जशीट लगाकर परेशान कर रहा है, जबकि श्रमिक लगातार शांतिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 

मगर कंपनी प्रबंधन जानबूझकर माहौल बिगाड़ रहा है। इसी के खिलाफ ऑल इंडिया नेस्ले फेडरेशन यूनियन ने एक दिवसीय धरने का ऐलान किया है। इस अवसर पर मागेराम, सतेंद्र कुमार, दीपक अलमियां, सोहन लाल, अरविंद कुमार, अशोक कुमार, पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।

इस पूरे मामले पर कॉरपोरेट अफेयर के मैनेजर विशाल गर्ग ने बताया कि हमने यूनियन के साथ कई बार चर्चाएं की हैं और अपने कर्मचारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए उन्हें सर्वोत्तम संभव समाधान की पेशकश की है। हमारे कर्मचारियों को प्रदान किये जाने वाले वेतन और कई लाभ उद्योग एवं इलाके में सर्वश्रेष्ठ में से एक हैं। हम संघ के साथ अपनी बातचीत जारी रखने के लिए संकल्परत हैं।

यह भी पढ़ें- Rudrapur News : कंपनी से माल चोरी कर गायब करने वाला चालक गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश शुरू

संबंधित समाचार