हल्द्वानी: कल से 15 जून तक यलो अलर्ट, बारिश की संभावना
हल्द्वानी, अमृत विचार। गर्मी से बेहाल लोगों को मौसम विभाग ने राहत दी है। 12 से 15 जून तक प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी की ओर से जारी उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान में बारिश, ओले गिरने तथा तेज हवा चलने की संभावना जताई है।
जून माह की शुरुआत से ही गर्मी लोगों पर सितम ढा रही है। पारा चढ़ने से लोग बेहाल हैं। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सिर्फ कामकाजी लोग ही बाहर निकल रहे हैं। रविवार को शहर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि उत्तर पश्चिम से हवा 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली।
इधर, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अगले पांच दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा तेज हवा चलने की संभावना जताई है। विभाग की माने तो 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने लोगों को राहत दी है।
