पीलीभीत: आम नहीं तोड़ने दिए तो युवक के पेट में घोंप दिया चाकू...जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। बाग में आम तोड़ने से रोकने पर एक युवक पर दबंग ने जानलेवा हमला कर दिया।घर जाते वक्त रास्ते में रोक लिया और चाकू पेट में घोंप दिया। साथियों ने किसी तरह बचाकर घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला छोटा खुदागंज के रहने वाले शाहिद हुसैन ने बताया कि उसके भाई नियाज हुसैन ने ग्राम टंडोला में एक आम का बाग राधेश्याम से किराए पर ले रखा है। प्रतिदिन बाग की देखरेख करने के लिए जाता है। पंद्रह जून को वह बाग में था। इस दौराम ग्राम टंडोला निवासी तेजपाल बाग पर पहुंचा और आम तोड़ने लगा। इस पर नियाज ने उसे मना कर वापस कर दिया। इसी बात से आरोपी ने रंजिश मान ली। शाम को भाई वापस घर आ रहा था।
इस बीच आरोपी तेजपाल ने उसे रास्ते में रोक लिया। आम तोड़ने से रोकने की बात पर गाली गलौज की। विरोध करने पर मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं जान लेने की नियत से चाकू से पेट में वार कर दिया। घटना के वक्त भाई के साथ मोहल्ले के ही रहीस अहमद और टंडोला गांव के धनीराम भी थे। उन्होंने घटना देखी और लहूलुहान हालत में भाई को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए और फिर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में जानलेवा हमला करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: 10 साल बाद धरा सूरजपाल, एसटीएफ का गुडवर्क पीलीभीत पुलिस थपथपा रही पीठ...जानिए पूरा मामला
