पीलीभीत: दरोगा बोला- दो दिन में खाली कर दे मकान वरना सड़क पर होगा सामान, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। आठ साल से एक ही मकान में रह रहे किराएदार ने मकान मालिक और उसके परिवार पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब शिकायत पुलिस से की गई तो दरोगा ने दो दिन में मकान खाली न करने पर सामान सड़क पर फेंकने की धमकी दे डाली। मामले की एसपी से शिकायत की गई है।
शहर के के निवासी प्रवीण कुमार अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम ने एसपी कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह पिछले आठ साल से किराए के मकान में रह रहे हैं। लगातार मकान का किराया भी अदा करते हैं। आरोप है कि मकान मालिक लगातार किराया बढ़ा देता है।
वर्तमान में ढाई हजार रुपये प्रतिमाह किराया दे रहे हैं। अब मकान मालिक अचानक तीन हजार रुपये किराये की मांग कर रहा है। जब इसका विरोध किया तो उनकी गैर मौजूदगी में मकान मालिक और उसके परिजन ने पत्नी अंजलि, बेटी खुशी व पुत्र दक्ष से मारपीट की।
पत्नी के पेट में लातें मारी, जिसमें काफी चोट आई है। एक सप्ताह में मकान खाली न करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसकी शिकायत शुक्रवार शाम को कोतवाली जाकर की गई, लेकिन आरोप है कि एक दरोगा ने उन्हें ही धमका दिया। दो दिन में मकान खाली न करने पर सामान सड़क पर फेंकने की धमकी दे डाली। मामले की जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: खेत पर जाने के चंद घंटे बाद ही फंदे लटका मिला किसान, मचा कोहराम
