नैनीताल: देवीधूरा गांव में पेयजल संकट, 189.38 लाख की योजना अधर में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। देवीधूरा ग्राम पंचायत में बीते दो महीने से लोग पानी के लिए परेशान ‌हैं। ग्रामीण दो महीने से दिन रात कंधों व सिर पर पानी लाने को मजबूर हैं। वहीं देवीधूरा व कूण क्षेत्र के लिए एक करोड़ से ज्यादा कीमत से बिछ रही पेयजल लाइन अधर में लटकी हुई है।

जल निगम के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जून के आखिर में पानी घर-घर पहुंचाने की बात कही थी लेकिन अब तक पंप नहीं बन पाया ह‌ै। वहीं ऊर्जा निगम के अधिकारी भी बिजली की लाइन पंप हाउस तक पहुंचने में तीन महीने लगने की बात कह रहे हैं। 

बता दें कि 17 सितंबर 2021 को तत्कालीन परिवहन व समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य व पूर्व विधायक संजीव आर्य ने ऐपाल देवता इंटर कालेज में 189.38 लाख की देवीधूरा कूण पेयजल पंपिंग योजना का शिलान्यास किया था। इसके बाद जल निगम ने काम शुरू कर दिया था जिसके तहत सौलिया में मुख्य टैंक, फिल्टर प्लांट के साथ ही देवीधूरा तक दो इंच की पाइप लाइन बिछा दी थी। साथ ही कूण गांव के ऊपरी क्षेत्र में टैंक के लिए जगह बना दी गई थी।

लेकिन बीते वर्ष अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन की चपेट में आकर 800 मीटर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। लाइन में 15 लाख रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ था। वहीं कूण के ऊपरी क्षेत्र में टैंक के लिए बनाई गई जगह के नीचे भी भूस्खलन हो गया था। इसके चलते वन विभाग की आपत्ति के बाद पेयजल योजना का काम रूक गया था।

बाद में वन विभाग की सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद जल निगम ने कूण व देवीधूरा में घर-घर पेयजल लाइन बिछा दी। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जून के आखिर तक देवीधूरा में पानी पहुंच जाएगा। इधर जून का आधा महीना बीत चुका ‌है लेकिन अब तक मुख्य टैंक में पंप नहीं लग पाया है न ही पंप चलने के लिए वहां बिजली की लाइन पहुंच पाई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं दो महिने से ग्रामीण पानी के ‌‌लिए भटक रहे हैं। गांव की महिलाएं  व बच्चे दिन रात सिर व कंधों में पानी ढो रहे हैं। लेकिन विभाग का काम कछुए की चाल में चल रहा है।

 पेयजल लाइन व टैंक का काम पूरा हो चुका है। पंप का आर्डर दिया गया है एक सप्ताह में पंप पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। जल्द ही ग्रामीणों को पानी मिलने की उम्मीद है।-विवेक भट्ट अपर सहायक अभियंता जल निगम।

संबंधित समाचार