बाजपुर: मतदान 28 को, जांच में सभी नामांकन पत्र ठीक मिले
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की बरहैनी इकाई के चुनाव की सरगर्मी तेज
बाजपुर, अमृत विचार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की बरहैनी इकाई के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सभी पदों पर नामांकन पत्रों की जांच के बाद 28 जून को प्रस्तावित मतदान की तैयारी शुरू कर दी है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने बताया कि गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद जांच की गई। जांच के उपरांत सभी संभावित प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए। जांच अधिकारी सत्यवान गर्ग, रोशन लाल सरना, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, कोमल सैनी, कन्नू जोशी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर गुलशन कुमार गुल्लू, जसवंत सिंह व सुनील सेन तीन प्रत्याशी होने से त्रिकोणीय तथा कोषाध्यक्ष पद पर रवि राणा व राजेंद्र सिंह सैनी के बीच सीधा मुकाबला होगा, वहीं महामंत्री पद पर एकमात्र अरविंद कुमार की ओर से पर्चा भरा गया है, जोकि सही पाया गया।
उन्हें निर्विरोध महामंत्री चुना गया। शेष पदों पर 28 जून की प्रात: 8 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक राजकीय इंटर कॉलेज बरहैनी में मतदान होगा। इसके उपरांत गिनती होगी तथा शाम तक नतीजों की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर सोमी ठक्कर, अनिल सेन, बलविंदर सिंह बिट्टू, असगर अली, संजय ग्रोबर, दलजीत सिंह आदि मौजूद थे।
