रुद्रपुर: गोवंशीय की हत्या को लेकर पुलिस ने यूपी में डाला डेरा
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना पंतनगर इलाके के सिडकुल क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं की हत्या प्रकरण में पुलिस टीमों ने यूपी के कई स्थानों पर डेरा डाल दिया है। साथ ही उस संदिग्ध वाहन की तालाश में तेज कर दी है। जिसे घटनास्थल मार्ग पर घूमते हुए देखा गया।
बताते चलें कि 19 जून की दोपहर को सिडकुल पारले चौक पर गोवंशीय पशुओं के शवों के टुकड़े फेंक कर अशांति फैलाने की कोशिश की गई थी। जिस पर पंतनगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह डांगी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी और आला अधिकारियों के आदेश पर चार टीमें हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाई गई थी।
सात दिन की तफ्तीश के बाद पुलिस टीमों को कई अहम सुराग मिले हैं। जिसके आधार पर सबसे पहले पुलिस उस संदिग्ध वाहन की तालाश कर रही है। जो सीसीटीवी फुटेजों में दिख रही है और उसकी सबसे ज्यादा आवाजाही घटनास्थल के आसपास देखने को मिली है।
पुलिस को संदेह है कि घटना को अंजाम देने वाले यूपी के रहने वाले हो सकते हैं। इसको लेकर पुलिस की दो टीमों ने रामपुर, बहेड़ी, मुरादाबाद सहित यूपी के कई स्थानों पर जाकर डेरा डाल दिया है और बारीकी से पड़ताल कर संदिग्धों को चिह्नित करने में जुट गई है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पुलिस की चार टीमें गोवंशीय हत्याकांड प्रकरण में सुराग खोजने की कोशिश कर रही है। काफी हद तक पुलिस को अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। जिसके बाद पुलिस जल्द ही प्रकरण का पटाक्षेप करेगी।
