रुद्रपुर: बदमाशों ने दरोगा पर बाइक चढ़ाकर किया घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महिला का पर्स लूट की वारदात कर भाग रहे थे बदमाश

बाइक सवार बदमाश भी चोटिल, एसएसपी-डीएम ने जाना दरोगा का हाल

रुद्रपुर, अमृत विचार। मंगलवार की देर शाम उस वक्त पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जब महिला से पर्स लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को दबोचने के दौरान दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि जब दरोगा ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने तेज रफ्तार बाइक को दरोगा पर चढ़ा दी, जिससे दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गया और बदमाश भी सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए।  

जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम करीब साढ़े नौ बजे सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार को सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक मेट्रोपोलिस के सामने से जा रही एक महिला का पर्स लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

जब लोगों ने बदमाशों का पीछा करना चाहा तो वह सिडकुल इलाके की ओर भागे। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी ने तत्काल दरोगा मोहन भट्ट सहित पुलिस कर्मियों के साथ सिडकुल चौराहा पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

चंद मिनट बाद ही सामने से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने रोकना चाहा तो बाइक सवारों ने पहले प्रभारी चौकी पंकज पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। मगर पीछे हटने के कारण चौकी प्रभारी बाल-बाल बच गए। कुछ ही दूर पर बाइक रोकने का प्रयास कर रहे दरोगा मोहन भट्ट पर बाइक चढ़ा दी और काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए।

मगर, गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी दरोगा ने हिम्मत नहीं हारी और बाइक का हैंडल पकड़ बाइक सवारों को भी नीचे गिरा दिया, जिससे बाइक सवार भी चोटिल हो गए। दरोगा को खून में लथपथ देख। पुलिस कर्मी दौड़ पड़े और आनन-फानन में दरोगा और चोटिल बदमाशों को जिला अस्पताल ले जाया गया।

जहां नाजुक हालत बताते हुए चिकित्सकों ने घायल दरोगा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दबोचे गए चोटिल बदमाश अंशु रस्तोगी निवासी जन्म भूमि स्कूल के समीप थाना ट्रांजिट कैंप व मूल निवासी बदायूं बरेली और मीरगंज बरेली निवासी संजय कुमार हाल निवासी शिवनगर थाना ट्रांजिट कैंप का पुलिस अभिरक्षा में उपचार शुरू कर दिया।

बुधवार को सूचना मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी और जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने निजी अस्पताल पहुंचकर घायल दरोगा का हालचाल जाना और अधीनस्थों को अपराधियों से सख्ती से निपटने का आदेश दिया।

 
महंगी स्पोर्ट्स बाइक का करते थे युवक प्रयोग

सिडकुल दरोगा पर बाइक चढ़ाकर घायल करने के दबोचे गए आरोपी युवक बेहद ही शातिर किस्म के लूटेरे हैं। जिस अंदाज और लूटपाट की वारदात करने के लिए बदमाश महंगी स्पोर्ट्स बाइक का प्रयोग करते हैं। उसकी कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक है। जिस वक्त बाइकर्स गैंग के पकड़े गए दोनों आरोपी चलती फिरती महिलाओं से पर्स या चैन लूट करते हैं तो पलक झपकते ही वह आंखों से ओझल हो जाते हैं, क्योंकि स्पोर्ट्स बाइक होने के कारण इसकी गति बेहद ही तेज होती है।


थाना-चौकियों से मांगी डिटेल, खंगाले जाएंगे फुटेज

बाइक सवार युवकों द्वारा दरोगा को घायल करने और महिला बैंक प्रबंधक से पर्स लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सिडकुल पुलिस ने आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए थाना-चौकियों से बाइक सवार का आपराधिक इतिहास खंगालने की तैयारी शुरू कर दी है। जिसके चलते सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि थाना ट्रांजिट कैंप एवं कोतवाली रुद्रपुर में हुई पर्स-चैन लूट की घटनाओं में बाइकर्स गैंग का नाम सामने आया है। जिसकी तस्दीक के लिए घटना के वक्त और तिथि के दिन के सभी सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला जा रहा है। चर्चा है कि पकड़े गए आरोपियों की अन्य घटनाओं में भूमिका की तस्दीक भी पुलिस कर रही है।


मंगलवार को देर शाम हुई महिला से पर्स लूट और दरोगा पर बाइक चढ़ाकर गंभीर रूप से घायल करने की घटना निंदनीय एवं दुस्साहसिक है, क्योंकि इससे पहले भी घटनास्थल पर कई वारदात हो चुकी है। मगर, पुलिस ने मुस्तैदी और दरोगा ने बहादुरी दिखाई है। आगे की जो भी कार्रवाई पुलिस प्रशासन करेगी। प्रशासन उसमें अपना योगदान देगी।
-उदयराज सिंह, जिलाधिकारी, ऊधमसिहनगर


अपराधियों पर शिकंजा कसने का पुलिस हमेशा प्रयास करती है। पुलिस ने हमेशा इस प्रकार की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई की है। सीमावर्ती यूपी जनपदों के साथ भी सामंजस्य बनाकर कार्य भी किया जा रहा है। दारोगा पर बाइक चढ़ाने के मामले में भी दो मुकदमे पंजीकृत किए गए है। इसके अलावा बहादुरी का परिचय देने वाले दारोगा को पुरस्कार देने के लिए पुलिस मुख्यालय एवं शासन को पत्र लिखा जाएगा। -मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर

यह भी पढ़ें: रामनगर: स्केलर के निलंबन से भड़के वन निगम कर्मी, आरपार की लड़ाई का किया एलान        

 

संबंधित समाचार