बरेली: मुर्गी चारे को फफूंद से बचाएगा हर्बल टॉक्सिक बाइंडर, पालकों की लागत होगी कम
सीएआरआई के वैज्ञानिकों ने तीन साल में पूरी की रिसर्च, मुर्गी पालकों की लागत होगी कम
Demo image
बरेली, अमृत विचार। मुर्गी का लगभग 25 प्रतिशत दाना फंफूद से नष्ट हो जाता है, इससे मुर्गी पालन करने वालों की लागत बढ़ जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के वैज्ञानिकों ने हर्बल टॉक्सिक बाइंडर तैयार किया है जो आर्गेनिक पदार्थों से निर्मित होने के कारण ये बाजार में मिलने वाले रसायनयुक्त टॉक्सिक बाइंडर से अलग है।
सीएआरआई में यह रिसर्च प्रोजेक्ट 2020 में शुरू किया गया था, जिसके पूरा होने तक वैज्ञानिकों ने 42-42 दिन के छह ट्रायल और 32 दिनों का फील्ड ट्रायल भी किया। इसके तहत विभिन्न नस्ल की 1200 मुर्गियों को छह अलग-अलग ग्रुप में विभाजित किया गया।
ग्रुप एक की मुर्गियों के चारे में कोई मिलावट नहीं की गई। ग्रुप दो की मुर्गियों के चारे में बाजार का टॉक्सिक बाइंडर मिलाया गया। शेष ग्रुपों की मुर्गियों को एक से 1.5 प्रतिशत संस्थान में निर्मित हर्बल टॉक्सिक बाइंडर मिलाकर चारा दिया गया।
वैज्ञानिकों के अनुसार बाकी ग्रुप की मुर्गियों के परिणाम तो संतोषजनक नहीं मिले, लेकिन जिस ग्रुप को 1.5 प्रतिशत हर्बल टॉक्सिक बाइंडर मिलाकर चारा दिया गया, उसकी मुर्गियों का लगभग 23 सौ ग्राम वजन बढ़ा। जिस ग्रुप को बाजार का टॉक्सिक बाइंडर दिया गया, उसका वजन भी 15 सौ ग्राम तक बढ़ा।
हर्बल टॉक्सिक बाइंडर को तैयार कर इसके तकनीक के व्यावसायीकरण के लिए पेंटेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निदेशक डॉ. अशोक कुमार तिवारी के निर्देशन और प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक विश्वास के नेतृत्व में रिसर्च करने वाली टीम में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दिव्या, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. चंद्रदेव शामिल थे।
32 दिन भिटौरा गांव में फील्ड ट्रायल
वैज्ञानिकों ने संस्थान के फार्म में अध्ययन के बाद फील्ड ट्रायल के तहत 32 दिन फतेहगंज पूर्वी के भिटौरा गांव में अध्ययन किया गया। इसमें पहले मुर्गियों की वाइटल गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। बाद में उन्हें चारे के साथ टॉक्सिक बाइंडर मिलाकर दिया गया। इसका अच्छा परिणाम मिला। हर्बल टॉक्सिन बाइंडर देने से शारीरिक वृद्धि के साथ अंडा उत्पादन और रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी बढ़ोतरी हुई।
यह भी पढ़ें- बरेली: सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज
