Almora News: भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक में आपसी सहयोग पर जोर, पिथौरागढ़ के विकास भवन सभागार में हुई बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी पिथौरागढ़ रीना जोशी की अध्यक्षता में पिथौरागढ़ स्थित विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। इसमें भारत और नेपाल दोनों देशों के उच्च अधिकारियों के मध्य काली नदी में लस्कू नाले के समीप व काली नदी में ही अन्य स्थानों से मलबा हटाने, नदी पर स्थित झूलाघाट एवं धारचूला पुल खोलने की समयावधि बढ़ाने, दोनों देशों के मध्य सौहार्द बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों पर कार्रवाई करने, काली नदी में दोनों देशों की ओर से सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों में एक दूसरे को आवश्यक सहयोग प्रदान करने, काली नदी की स्वच्छता बनाये रखने तथा बाल विवाह, मानव तस्करी व अवैध मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों को रोकने के लिए दोनों देशों की सीमा पर सघन चेकिंग, पेट्रोलिंग व सूचनाओं के आदान प्रदान आदि को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में जिलाधिकारी रीना जोशी ने कहा कि तहसील धारचूला के ग्राम खोतिला में कुछ दिन पूर्व काली नदी के तेज बहाव के कारण कुछ मकान ध्वस्त हुए हैं तथा खोतिला क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से अभी भी संवेदनशील बना हुआ है क्योंकि काली नदी में नेपाल की ओर लस्कू नाले का मलवा भारी मात्रा में पड़ा होने के कारण नदी के तेज बहाव का रुख ग्राम खोतिला क्षेत्र की ओर है, जिससे खोतिला क्षेत्र में भू- कटाव हो रहा है। इसे रोकने के लिए नेपाल द्वारा लस्कू नाले के समीप काली नदी से मलबा हटाया जाना जरूरी है। इस मलबे को प्राथमिकता से हटाया जाय। जिस पर नेपाल के उच्च अधिकारियों की ओर से कहा गया कि उनके द्वारा मलवा हटाने का कार्य किया जायेगा। 

यह भी पढ़ें- Almora News: नाबालिग भतीजी से दुष्कर्म में चाचा को 20 साल की कैद, 27 हजार का लगा अर्थदंड 

वहीं, जिलाधिकारी रीना जोशी ने कहा कि काली नदी पर तटबंध, सुरक्षा दीवार आदि जो भी सुरक्षात्मक कार्य किये जायें उनकी डिजाइनिंग, प्लानिंग आदि दोनों देशों द्वारा एक दूसरे को साझा की जाय ताकि निर्माण कार्यों के दौरान जो भी समस्याएं उत्पन्न हों उनका निराकरण निकाला जा सके। जिस पर नेपाल देश के अधिकारियों ने कहा कि काली नदी पर जो भी सुरक्षात्मक कार्य किये जायें उनकी डिजाइनिंग, प्लानिंग आदि दोनों देशों के आपसी समन्वय से की जाय तथा इस के लिए ज्वाइंट कमेटी का गठन किया जाय, जिसमें दोनों देशों के तकनीकि अधिकारी शामिल रहें ताकि निर्माण के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटा जा सके। इस पर जिलाधिकारी रीना जोशी ने तत्काल ही ज्वाइंट कमेटी का गठन करने की बात कही।

नेपाल के अधिकारियों द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काली नदी पर स्थित झूलाघाट पुल एवं धारचूला पुल खोलने की समयावधि बढ़ाने की बात कही गयी। जिस पर जिलाधिकारी रीना जोशी ने पुलों पर आवागमन की अवधि को बढ़ाकर  प्रातः 6 बजे से सायं 7 बजे तक कर दिया है। पहले यह समयावधि प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक थी। पूर्व में नेपाल देश की ओर से हुई पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी रीना जोशी व एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहां कि भारत एवं नेपाल देश के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध है। दोनों देशों के बीच सौहार्द बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिये, ताकि दोनों को लेकर विश्व में एक अच्छा संदेश पहुंचे। जिस पर नेपाल देश के अधिकारियों ने कहा कि अराजक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। हम दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

यह भी पढ़ें- Almora News: जिले में बारिश से 15 मार्ग बंद, जनजीवन प्रभावित, सावधानी बरतने की अपील

बैठक में दोनों देशों के बीच बाल विवाह, मानव तस्करी व अवैध मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों को रोकने हेतु दोनों देशों की सीमा पर सघन चेकिंग, पेट्रोलिंग व सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर भी सहमति बनी। नेपाल देश के अधिकारियों ने कहा कि काली नदी की स्वच्छता बनी रहे इसके लिए नदी किनारे स्थित नगरो व ग्रामों के ग्रामीणों द्वारा काली नदी में कूड़ा- कचरा न डाला जाय। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि पिथौरागढ़ जिला प्रशासन द्वारा नदी किनारे स्थित ग्रामों, कस्बो व नगरों में लगातार सफाई अभियान चलाये जा रहे हैं। 

बैठक में भारत देश की ओर से जिलाधिकारी रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह, उप जिलाधिकारी धारचूला दिवेश शाशनी, उप जिलाधिकारी पिथौरागढ़ अनुराग आर्य, एसई लोनिवि एबी काण्डपाल आदि उपस्थित थे। जबकि नेपाल की ओर से प्रमुख जिलाधिकारी बेतड़ी सुरेश पंथी, प्रमुख जिलाधिकारी दार्चुला किरण जोशी, सशस्त्र प्रहरी उप निरीक्षक दार्चुला डंबर बहादुर बिष्ट, सशस्त्र प्रहरी नायब उप निरीक्षक बैंतड़ी गंगा दत्त पंत सहित सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। 

यह भी पढ़ें- Almora News: बिजली लाइन खराब, आधे अल्मोड़ा में जल आपूर्ति ठप

संबंधित समाचार