रायबरेली बनेगा स्मार्ट नगर, तालाबों का होगा सुंदरीकरण, जलभराव की समस्या होगी दूर
रायबरेली, अमृत विचार। राजनीतिक रस्साकशी के कारण रायबरेली नगर पालिका स्मार्ट सिटी से बाहर हो गई और मेरठ को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला गया लेकिन पालिका की नई कैबिनेट रायबरेली को स्मार्ट नगर बनाने का प्लान तैयार कर रही है। पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर रायबरेली नगर पालिका का तस्वीर को बदलने के लिए लगातार बैठक कर रहे हैं। वहीं करोड़ों रुपये के प्रोजेक्टर पास होने की तैयारी की जा रही है। पालिका अध्यक्ष का साफ कहना है कि रायबरेली शहर की सबसे बड़ी समस्या जलभराव की है जिसे दूर किया जा रहा है। सफाई इंस्पेक्टरों की टीम साफ-सफाई के लिए दिशा-निर्देश दे रही है।
कांग्रेस का गढ़ रायबरेली स्मार्ट सिटी से वंचित रह गया। जबकि सांसद सोनिया गांधी ने खुद इसके लिए खासे प्रयास किए थे लेकिन राजनीतिक उठापटक में रायबरेली के लोग स्मार्ट सिटी से दूर हो गए। अब रायबरेली की नगर पालिका में कांग्रेस की सत्ता है। मतलब कांग्रेस के शत्रोहन सोनकर पालिकाध्यक्ष हैं और इस लिहाज से रायबरेली नगर पालिका पूरे प्रदेश में सबसे महत्वपूर्ण है। जहां पूरे प्रदेश की नगर निकायों में भाजपा का दबदबा रहा तो वहीं रायबरेली नगर पालिका में कांग्रेस ने अपना वजूद कायम रखा। अब पालिका अध्यक्ष रायबरेली नगर पालिका को स्मार्ट और आदर्श नगर पालिका बनाने के लिए जुट हुए हैं।
नाला गैंग में बढ़ाए गए 50 सफाई कर्मी
नगर पालिका प्रशासन ने नाला का सफाई को प्रमुखता से लिया है। इसके लिए नाला गैंग में 50 सफाई कर्मी बढ़ा दिए गए हैं। वहीं लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूप के साथ टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। इसमें शिकायत करते ही 24 घंटे के भीतर समस्या का निस्तारण किया जा रहा है। नगर पालिका के कंट्रोल रूम का नंबर 0535-3560578, 8840593524 है। वहीं टोल फ्री नंबर 1533 है।
स्ट्रीट लाइट के लिए डाले गए कोटेशन
स्ट्रीट लाइट से पालिका क्षेत्र जगमग हो इसके लिए पहले चरण में 1 लाख के कोटेशन डाले गए हैं और मोहर्रम तक जिन मोहल्लों में स्ट्रीट लाइन नहीं लगी हैं वहां पर एलईडी की रोशनी हो जाएगी। साथ ही पूरे नगर में स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए 15वें वित्त से टेंडर डाले जाएंगे।
नजरवां तालाब बनेगा पर्यटन स्थल
शहर का प्राचीन नजरवां तालाब आने वाले दिनों में पर्यटन का केंद्र बनेगा। इस तालाब का पालिका सुंदरीकरण कराएगी तथा लाखों रुपये से यहां पर वह सारा साजोसामान लगाया जाएगा जो पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। लोगों के लिए यह तालाब सैर-सपाटा का स्थल जरिया होगा।
एमआरआफ सेंटर के साथ बनेगा ट्रिपल आरआरआर
ट्रिपल आरआरआर शहर की गंदगी की समस्या को दूर करेगा। इस प्लांट में कूड़ा का न केवल निस्तारण होगा बल्कि कूड़े को रिसाइकिल कर पालिका की आमदनी भी कराई जाएगी। इसी तरह 35 से 35 लाख रुपये का एमआरएफ सेंटर शहर में बनेगा। जिससे कूड़ा का निस्तारण होगा। लखनऊ की तरह कूड़ा का एक ही जगह पर निस्तारण होगा। शहर में जो बंद कूड़ा निस्तारण प्लांट है उसे दोबारा शुरू किया जाएगा। डीपीआर बनकर तैयार है।
सोनिया गांधी का शुरू होगा ड्रीम प्रोजेक्ट
शहर में सोनिया गांधी का ड्रिम प्रोजेक्ट सिटी रिसोर्स सेंटर बंद पड़ा है। 20 से 25 करोड़ की लागत से इसका भवन बनकर तैयार है लेकिन इसे अभी तक शुरू नहीं किया गया है। पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर का कहना है कि वह इसे जल्द चालू कराएंगे। डीएम से मिलकर इसे चालू कराने के लिए पत्र दिया गया है तो साथ हुडको कंपनी को भी पत्र लिखकर एनओसी मांगी गई है।
पार्कों और डिग्री कॉलेज चौराहा का होगा सुंदरीकरण
शहर के जितने भी पार्क हैं उनका सुंदरीकरण होगा तथा पार्कों पर जिनका कब्जा है इनको हटाया जाएगा। वहीं डिग्री कॉलेज चौराहा के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव पास हो चुका है तथा इसका टेंडर भी डाल दिया गया है।
एनएच से खुलवाए जाएंगे चोक नाले
शहर में एनएच के जितने भी नाले हैं वह सब चोक हैं जिस कारण शहर में जलभराव की समस्या रहती है। इसके लिए पालिकाध्यक्ष ने डीएम से मिलकर एनएच के अधिकारियों को नाला साफ कराने का पत्र दिया है। नाला साफ होते ही शहर में जलभराव की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी।
क्या कहते पालिका अध्यक्ष
पिछली नगर पालिका के कार्यकाल में विकास नहीं हुआ। जमकर भ्रष्टाचार किया गया इसी का नतीजा है कि मुझे व्यवस्था माकूल करने में दौड़ना पड़ रहा है। मेरी कोशिश है कि 6 माह के भीतर रायबरेली नगर पालिका की तस्वीर बदल जाए। जलभराव की समस्या सबसे अधिक अमृत योजना के कारण है।
इस योजना से शहर को कोई लाभ नहीं हुआ है। बल्कि गड्ढे खोद दिए गए और सड़क बर्बाद हो गई। रही बात विकास की तो लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है कि उस पर मैं खरा उतरूंगा। शासन स्तर पर पालिका के अधिकारी और मैं रायबरेली नगर पालिका के विकास के लिए पैरवी करेंगे। जो भी योजना रायबरेली नगर पालिका के लिए हितकारी होगी इसे लाया जाएगा ...शत्रोहन सोनकर, नगर पालिका अध्यक्ष, रायबरेली।
