Haldwani News: सांप से डंसवा कर की गई व्यवसायी अंकित की हत्या में गुत्थी उलझी, हिरासत में कई लोग
हल्द्वानी, अमृत विचार। व्यवसायी अंकित चौहान की मौत कोई हादसा नहीं थी, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या की गई। माना जा रहा है कि हत्या में सांप को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया गया और कोशिश की गई कि घटना एक हादसा लगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांप के डसने की पुष्टि हो चुकी है। इधर, मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस को भी कत्ल के कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
रामबाग कालोनी निवासी अंकित चौहान (30) पुत्र स्व. धर्मपाल सिंह चौहान का खानचंद्र मार्केट में होटल है और रामपुर रोड पर पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त का स्टोर है। अंकित बीते शुक्रवार की देर शाम अपनी कार में निकला, लेकिन लौटा नहीं। शनिवार सुबह तीनपानी रेलवे क्रांसिंग के पास उसकी लाश उसी की कार की पिछली सीट पर मिली। पुलिस ने कार से 53 हजार रुपये और मोबाइल भी बरामद किए। कार के शीशे बंद और एसी चालू होने से माना जा रहा था कि कार्बन डाइऑक्साइड से दम घुटने से अंकित की मौत हुई। लेकिन सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कहानी उलट कर रख दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि अंकित को सांप ने डंसा और वो भी दोनों पैरों में एड़ी के ऊपर। हत्या का शक पैदा करने वाली बात यह थी कि डसने के निशान दोनों पैरों में लगभग एक ही स्थान पर थे। ऐसे में अंदेशा है कि सांप ने अंकित को खुद नहीं डसा, बल्कि उसे डसवाया गया। पुलिस की टीमें और एसओजी अब हत्या के एंगल पर मामले की जांच कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी और मृतक के साथ उससे जुड़े कुछ और लोगों के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। हत्या की जांच जर, जोरू और जमीन के एंगल पर की जा रही है।
वहीं, पूरे मामले पर एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट ने बताया कि व्यवसायी की मौत मामले की जांच तेज कर दी गई है। इसे हत्या के एंगल से भी देखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सांप के डसने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Haldwani News: एसटीएच में महिला की मौत पर परिजनों ने जमकर काटा हंगामा
