अयोध्या: अब परिषदीय स्कूलों के बच्चे भी बनेंगे आत्मनिर्भर, खुलेंगे कौशल विकास केंद्र

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर तैयारी, 17 स्कूलों में बनेंगे केन्द्र

अयोध्या,अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों के बच्चे अब पढ़ाई में दक्ष होने के साथ ही आत्मनिर्भर भी बनेंगे। विदेशों की तरह उन्हें भी शुरूआत से ही व्यवसायिक शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए जिले के 17 विद्यालयों में कौशल विकास केंद्र खोले जाएंगे। इसमें पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और 12 पूर्व माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। हालांकि अभी स्कूलों का चयन नहीं किया गया है। प्रारंभिक तौर पर इसके लिए स्कूलों का सर्वे होगा। उसके बाद केन्द्र स्थापित किए जायेगें। 

जिले में 1792 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। जिसमें करीब डेढ़ लाख बच्चे पंजीकृत हैं। अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की तरह सरकारी स्कूलों की काया बदली जा रही है। आपरेशन कायाकल्प, कंपोजिट ग्रांट सहित अन्य मदों से विद्यालय में तमाम काम कराए जा रहे हैं। वहीं अब बच्चों में विभिन्न कौशल विकसित करने के उद्देश्य से जिले के 17 स्कूलों में अलग-अलग कौशल विकास केंद्र खोले जाएंगे।

महानिदेशक शिक्षा का पत्र आने पर बेसिक शिक्षा विभाग स्कूलों की सूची तैयार करने में जुट गया है। इसमें पांच कस्तूरबा गांधी विद्यालय संग छह ब्लॉक के दो-दो पूर्व माध्यमिक विद्यालय को शामिल किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने कहा कि कौशल विकास केंद्र खोलने के लिए पत्र आया है। जिसके लिए विद्यालय का चयन किया जा रहा है। शीघ्र ही चयन कर केन्द्र के लिए संसाधन जुटाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें:-CM योगी ने गोरखपुर के प्राचीन शिव मंदिर में किया रुद्राभिषेक

संबंधित समाचार