रुद्रपुर: दोबारा चुराने आया मोबाइल तो दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि एक घर में मोबाइल चुराने के बाद पुन: दूसरे दिन बेखौफ होकर मोबाइल चुराने आ गया। मगर इस बार मकान स्वामी ने दबोच लिया और धुनाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
शिमला बहादुर थाना ट्रांजिट कैंप के रहने वाले सुमित गंगवार का कहना था कि 14 अगस्त की रात दो से तीन बजे के बीच उसका एक महंगा मोबाइल चोरी हो गया था। जिसके बाद 15 अगस्त को वही मोबाइल चोर दोबारा घर में घुसा और दूसरा मोबाइल चुराकर भागने की कोशिश करने लगा। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया गया।
आरोपी ने अपना नाम दीपक निवासी मझोला थाना न्यूरिया पीलीभीत बताया। बताया कि उसने ही पहला मोबाइल चुराया था और दोबारा मोबाइल चोरी करने आया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर लिया और मकान स्वामी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
