बांदा में बोले अखिलेश यादव- हमारे सामने गंभीर चुनौतियां, लड़कर सफर तय करना है

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

भगवान राम की कसम खाकर झूठ बोलते हैं सत्तारूढ़ दल के नेता, कार्यकर्ताओं को सपा शासन की उपलब्धियां बताने के दिये निर्देश

बांदा ,अमृत विचार। सपा सुप्रीमो व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डबल इंजन वाली सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि यह लोग तो भगवान की कसम खाकर झूठ बोलने का काम करते हैं और झूठ को सच बताने के लिए तीन सौ करोड़ रूपये खर्च करते हैं। इंडिया कभी घमंडिया नहीं है और न ही कोई इसका मुकाबला कर सकता है। हमारे सामने गंभीर चुनौतियां हैं जिनसे लड़कर हमें अपना सफर तय करना है। जनता के बीच जाकर उन्होने कार्यकर्ताओं को सपा शासनकाल की उपलब्धियां बताने के निर्देश दिए। 

शहर के नेहरू कालेज मैदान में चल रहे बांदा-चित्रकूट लोकसभा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए गुरूवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई और झलकारीबाई के संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। चित्रकूट में भगवान राम ने वनवास का सर्वाधिक समय बिताया और गोस्वामी तुलसीदास ने उनके जीवन को घर-घर पहुंचाया। यहां का कालिंजर दुर्ग हमेशा अजेय रहा और शेरशाह सूरी की यहीं मौत हुई थी। बाजीराव मस्तानी फिल्म की चर्चा करते हुए उन्होने कहा कि फिल्म के खत्म होने का इतिहास बांदा में छिपा है कि आखिर यहां का राजपाठ किसने संभाला था। सपा शासनकाल में जब बुंदेलखंड में सूखा पड़ा था तब गरीब किसान परिवारों को उन्होने 15-15 लाख की मदद दी।

पत्रकारों ने एक मैकेनिक को किसान बना दिया तो भी बुरा नहीं माना और उसकी भी मदद की लेकिन आज पत्रकारों को भी सच्चाई लिखने से रोका जा रहा है यदि किसी ने साहस किया तो रात दो बजे पुलिस उसका दरवाजा खटखटाती है। अब अखबार व टीवी वाले पत्रकार बजट देखकर कलम चलाते हैं। भाजपा सरकार द्वारा गौशालाओं के नाम पर करोड़ों रूपये खर्च हो रहे हैं लेकिन फिर भी नंदीबाबा सड़क पर घूम रहे हैं। इन लोगों ने कहा था कि बुंदेलखंड में डिफेंस कारीडोर व मिसाइल बनेगी लेकिन वह कहां गईं।

अखिलेश ने कहा कि हमारी ही नकल करके इन लोगों ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बनाया लेकिन उसमे भी अकल लगती है। 15 हजार करोड़ में इन्होने फोरलेन का बनाया जबकि इतनी ही धनराशि में हमने सिक्स लेन का एक्सप्रेस-वे बनाया कि चाहो तो उसमे हवाई जहाज तक उतार लो। एंबूलेंस सेवा को उन्होने समाजवादियों की देन बताया और कहा कि भाजपा ने जबसे 100 को 112 में कनवर्ट किया है तो पुलिस ने भी अपने रेट बढ़ा दिए हैं। कानून व्यवस्था के नाम पर सपाइयों को डराने का काम किया जा रहा है। लंबी लड़ाई जीतकर समाजवादी इतिहास बनाने का काम करेंगे। हम लोग इन्हे लोकसभा की 80 सीटों पर हराएंगे जिसको भरोसा न हो वह मैदान छोड़कर जा सकता है।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपाई अब विकसित भारत व यूपी को ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का सपना दिखा रहे हैं। आज हर चीज प्राईवेट हाथों को सौंप दी गई है और अमेरिका की कंपनी घर-घर सामान बेच रही है। जब तक छोटे उद्योग चलाने वालों को मदद नहीं मिलेगी तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता। हमे दूसरों पर ही निर्भर रहना पडे़गा। उन्होने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह डा. लोहिया, डा. अंबेडकर व नेता जी के भरोसे को कायम रखने के लिए गांव-गांव जाकर अपने बूथ को मजबूत बनाएं और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़े तभी हमें कामयाबी मिलेगी। यहां के बाद वह लोक जागरण अभियान यात्रा लेकर तिंदवारी होते हुए फतेहपुर जिले के लिए रवाना हो गए। इस दौरान तमाम पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

बुलडोजर कार्रवाई का बदला लेने की दी धमकी
शहर के पं.जेएन डिग्री कालेज में आयोजित लोक जागरण अभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इशारों इशारों में सत्ता में काबिज भाजपाइयों को धमकी दे डाली। कहा कि बुलडोजर को दिमाग नहीं होता, वह आईएएस और आईपीएस अफसरों के इशारे पर चलता है। उन्होंने भाजपाइयों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो सत्ता के मद में चूर होकर जिन भाजपाइयांे ने बहुमंजिला इमारतें तैयार की है, उन सब पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि भाजपाई सत्ता के नशे में इतने मदमस्त हो गए हैं कि वह सपाइयों के खिलाफ फर्जी मुकदमे और गलत तरीके से कार्रवाई करके दमनात्मक रवैया अपनाए हुए हैं। सरकार बनने पर सबका हिसाब किताब किया जाएगा।

अखिलेश के रथ में सवार हुए सपाई दिग्गज
 लोक जागरण रथ यात्रा फतेहपुर की ओर चला तो सपा सुप्रीमो ने बबेरू से विधायक विशंभर सिंह यादव, युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओमनारायण त्रिपाठी विदित, पूर्व जिलाध्यक्ष इमरान अली राजू, विजय करन यादव, खेल प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष हसन सिद्दीकी आदि को अपने साथ बहुआ कस्बे तक रथयात्रा कराई और सपाइयों ने जिले के चुनावी हालातों पर विस्तृत चर्चा की। कहा कि लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा और छोटे-छोटे आपसी मामलों को भुलाकर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर सपा उम्मीदवारों को जिताने का संकल्प लेना होगा।  वहीं बुधवार की देरशाम शहर में पहुंचे सपा मुखिया ने तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। 

यह भी पढ़ें:-लखनऊ : चेहरे पर मुस्कान लाने वाले प्रो. टिक्कू अब राजनीति के मैदान में कर सकते हैं विरोधियों के दांत खट्टे

संबंधित समाचार