देहरादून: दून में वारदात करने आए हरियाणा के दो बदमाश दबोचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। राजधानी में बड़ी वारदात को अंजाम देने आए हरियाणा के दो बदमाशों को प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन बदमाशों ने वारदात के लिए पिस्टल के बल पर बाइक लूटी थी। 20 मुख्य मार्गों पर करीब 2000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद इन आरोपियों की 11 दिनों के बाद गिरफ्तारी हो पाई।
 

डीआईजी दलीप सिंह कुंवर ने शनिवार को बताया कि 7 अगस्त की देर रात राघव विहार निवासी राजेश सिंह से 3 बदमाशों ने प्रेम नगर इलाके में पिस्टल के बल पर अपाचे बाइक लूटी थी। 8 अगस्त को इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना के खुलासे के लिए 4 टीमें बनाई गईं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में लुटेरों का बाइक से पांवटा साहिब, हिमाचल प्रदेश की ओर जाने का पता चला।

फुटेज के आधार पर पुलिस टीम चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश तक पहुंची। यहां से फिर देहरादून की लोकेशन मिलने के बाद दो बदमाशों सिरसा, हरियाणा निवासी सुखजिन्दर उर्फ सुक्खू और शिव कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि अमरजीत उर्फ गूरी फरार है।

डीआईजी के अनुसार, बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए उन्होंने जुलाई में प्रेमनगर विंग-1 में किराए पर मकान लिया था। बीच में वे सिरसा चले गए थे। 4 अगस्त को लौटे तो मकान मालिक ने सत्यापन के लिए आईडी मांगी थी। वे मकान मालिक को टालते रहे और रैकी करते रहे थे। 7 अगस्त की रात बाइक लूटकर वे पंजाब चले गए थे। आरोपियों से पिस्टल, कारतूस और लूटी गई बाइक बरामद की गई है।  

संबंधित समाचार