रुद्रपुर: नकली पनीर, दूध और घी बनाने वालों का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भारी मात्रा में नकली दूध, पनीर और घी किया बरामद

एसओजी और कोतवाली पुलिस ने की संयुक्त रूप से कार्रवाई

रुद्रपुर, अमृत विचार। एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव लंबाखेड़ा स्थित एक घर में संचालित नकली पनीर और दूध बनाने का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस की टीम को देखकर गोपनीय तरीके से खाद्य सामग्री बना रहे आरोपियों में हड़कंप मच गया और आरोपी भागने की कोशिश करने लगे। मगर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया और मौके से भारी मात्रा में नकली पनीर, दूध और केमिकल सहित उपकरण बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

जानकारी के अनुसार एक सितंबर की शाम को दरोगा उमेश सिंह रजवार पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस बीच एसओजी प्रभारी विजेंद्र कुमार ने गांव लंबाखेड़ा में नकली खाद्य पदार्थ बनाए जाने की सूचना दी और तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली एवं एसओजी की एक संयुक्त टीम ने लंबाखेड़ा स्थित एक घर पर गोपनीय तरीके से दबिश दी। टीम ने जब घर के अंदर प्रवेश किया तो वहां कुछ लोग डिटर्जेंट और केमिकल डालकर दूध, पनीर और घी बनाते हुए मिले। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने की कोशिश करने लगे।

टीम ने घेराबंदी कर वीरपुर खरक चंदनपुर ईसाई नगर मुरादाबाद यूपी निवासी निजाम और शान मोहम्मद को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह किराए के मकान में रहकर पिछले लंबे समय से नकली खाद्य पदार्थों को बनाने का धंधा करते हुए और महंगे दामों पर इलाकों में सप्लाई करते हैं।

पुलिस ने मौके से आठ किलो नकली पनीर, 50 किलो नकली दूध, 50 पैकेट मिल्क पाउडर, 45 पैकेट वनस्पति घी और दो बोतल केमिकल बरामद किया और मौके से नकली खाद्य सामग्री बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।


संबंधित समाचार