UP T-20 League: काशी रुद्रांश ने गोरखपुर को 31 रन से हराया, शिवा सिंह चुने गए मैन ऑफ द मैच
कानपुर में काशी रुद्रांश ने गोरखपुर लॉयंस को हराया।
कानपुर में काशी रुद्रांश ने गोरखपुर लॉयंस को 31 रन से हराया। जिसमें काशी रुद्रांश के शिवा सिंह मैन ऑफ द मैच चुने गए।
कानपुर, अमृत विचार। काशी रुद्राश ने अच्छी गेंदबाजी और प्रिंस यादव के नाबाद 59 रन की बदौलत गोरखपुर लॉयंस को 31 रन से हरा दिया। पहले खेलते हुए काशी ने 4 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लॉयंस की शुरुआत खराब रही। महज 28 रन पर टीम के दो बड़े बल्लेबाज कप्तान अभिषेक गोस्वामी और समीर चौधरी के आउट होने के बाद टीम बैकफुट पर आ गई।
सिद्धार्थ ने रन गति को जरूर बनाए रखा, लेकिन दूसरी ओर से विकेट गिरते रहे। जिसकी वजह से 20 ओवर में गोरखपुर लॉयंस 7 विकेट पर सिर्फ 147 रन बना सकी। काशी की ओर से अटल बिहारी और शिवा सिंह ने दो-दो विकेट झटके। प्रिंस यादव व बॉबी ने एक-एक विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच शिवा सिंह चुने गए।
काशी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले ही ओवर में काशी के ओपनर बल्लेबाज शिवा सिंह (2) ध्रुव प्रताप सिंह की गेंद पर कैच आउट हो गए। काशी का दूसरा विकेट शिवम बंसल के रूप में गिरा। पांचवें ओवर में जब टीम का स्कोर 24 रन था, वासु वत्स की गेंद पर विकेट कीपर शिवम बंसल (17) कैच आउट हो गए।
तीसरे विकेट के लिए प्रिंस यादव और कप्तान करन शर्मा के बीच 100 रनों की साझेदारी हुई। काशी रुद्रांश को बड़ा झटका तब लगा, जब 15वें ओवर पर अब्दुल रहमान की गेंद पर करन शर्मा (63) ने वासु वत्स को कैच दे दिया। उस समय टीम का स्कोर 124 रन पर था। 20वें ओवर की आखिरी बॉल पर अब्दुल रहमान की गेंद पर अंकुर मलिक (33) बोल्ड हो गए। प्रिंस यादव ने नाबाद 59 रनों की पारी खेली। काशी ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 178 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लॉयंस की शुरुआत अच्छी नहीं रहीं। निखिल प्रताप राव के साथ ओपनिंग करने आए कप्तान अभिषेक गोस्वामी (4) शिवा सिंह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर टीम के 8 रन ही बने थे, और वह पवेलियन लौट गए। पाचवें ओवर में समीर चौधरी (10) भी चलते बने। बॉबी यादव ने टीम के 28 रन के स्कोर पर उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया।
इसके बाद सिद्धार्थ सरवन यादव क्रीज पर आए, उन्होंने निखिल प्रताप राव के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। 10वें ओवर में प्रिंस यादव की गेंद पर निखिल प्रताप राय (28) ने शिवम बंसल को कैच देकर पवेलियन लौट गए। 14वें ओवर में शिवा की गेंद पर सिद्धार्थ सरवन (41) ने मिड ऑफ पर शॉट मारकर बॉबी यादव को कैच दे दिया।
17वें ओवर में दीपांशु यादव की गेंद पर शिवम शर्मा (13) ने भी मोहम्मद शारिम को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। 19 में ओवर में अटल बिहारी की गेंद पर यशवर्धन सिंह (26) ने मोहम्मद शारिम को कैच थमा दिया। ओवर की अंतिम गेंद पर अटल बिहारी ने अब्दुल रहमान (10) को बोल्ड मार दिया। गोरखपुर लॉयंस की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 147 रन ही बना सकी।
