Kanpur Airport पर दीपावली बाद नाइट लैंडिंग की सुविधा, उपकरण स्थापित किए जाने के बाद वायुसेना सुनिश्चित कर रही परिचालन

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर एयरपोर्ट पर दीपावली बाद नाइट लैंडिंग की सुविधा।

कानपुर एयरपोर्ट पर दीपावली बाद नाइट लैंडिंग की सुविधा। आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाने के बाद वायुसेना परिचालन सुनिश्चित कर रही।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर एयरपोर्ट पर दीपावली के बाद नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में सहमति प्रदान कर दी है। अधिकारियों के अनुसार नवंबर के अंत तक नाइट लैंडिंग से संबंधित सभी उपकरणों का संचालन सुनिश्चित कर लिया जाएगा। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि विमानन कंपनियां नए वर्ष से एयरपोर्ट पर विमानों की रात्रि में उड़ान शुरू कर सकती हैं।  

कानपुर एयरपोर्ट पर लंबे समय से नाइट लैंडिंग सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की जा रही थी। मर्चेन्ट चैम्बर आफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अभिषेक सिंहानिया ने इस मामले को लेकर रक्षा मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय  अधिकारियों के समक्ष उठाया था और प्रदेश सरकार से भी सहयोग मांगा था। शहर के भाजपा नेता और बड़े कारोबारी तथा व्यापारी भी नया टर्मिनल बनने के बाद से नाइट लैडिंग सुविधा की मांग कर रहे थे।

कई दौर की बातचीत एवं बैठकों के बाद रक्षा मंत्रालय ने इसकी मंजूरी प्रदान कर दी थी। मंत्रालय ने  कानपुर एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग सुविधा की जानकारी प्रदान करते हुए अभिषेक सिंहानिया को भेजे पत्र में साफ किया है कि नाइट लैंडिंग को सक्षम बनाने के लिए आवश्यक नेविगेशनल सहायता, कैट- II आईएलएस, रनवे लाइट, डीवीओआर/डीएमई तथा अन्य बुनियादी ढांचा एयरपोर्ट पर लगाया जा चुका है।

अब भारतीय वायु सेना (आईएएफ) द्वारा इसके सुचारू संचालन के काम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एयरपोर्ट के रनवे पर रात में विमानों के आगमन और प्रस्थान का काम नवंबर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। कानपुर एयरपोर्ट के रनवे की देखरेख और अनुरक्षण का काम एयरफोर्स के पास है। 

वर्तमान में कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा नहीं होने से केवल दिन में ही हवाई जहाज का परिचालन किया जाता है। इस कारण उड़ानों की संख्या भी सीमित है।  अभिषेक सिंहानिया ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ रक्षा मंत्रालय के उच्चाधिकारियों से सम्पर्क कर नाइट लैडिंग सुविधा के लिए प्रयास किए जा रहे थे।

मंत्रालय ने सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी देकर विश्वास दिलाया है कि इसका विधिवत परिचालन नवंबर माह के अन्त तक सुनिश्चित कर लिया जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने से लोगों के हवाई यात्रा के विकल्प बढ़ेंगे, और शहर के व्यापार एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

आईएलएस लग जाने के बाद तो मौसम खराब होने के बाद भी विमान उतर सकेंगे। अभी थोड़ा सा मौसम खराब होते ही विमान सेवा रद हो जाती है। रात में विमान उतरने से आवागमन में आसानी होगी।– सुनील वैश्य, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आईआईए

नाइट लैंडिंग की सुविधा होने से उड़ानों की संख्या बढ़ेगी। सूरज डूबने के बाद लखनऊ जाकर विमान पकड़ने की झंझट खत्म होगी। निश्चित रूप से कानपुर के उद्योग और कारोबार को पंख लगेंगे।– मनोज बंका, प्रांतीय अध्यक्ष पीआईए 

नाइट लैंडिंग की सुविधा न होने से रात में फ्लाइट पकड़ने के लिए लखनऊ जाना पड़ता है। इससे काफी दिक्कत होती है। अब यह दिक्कत खत्म हो जाएगी। सरकार का फैसला सराहनीय है।– अतुल सेठ, उपाध्यक्ष, पीआईए

संबंधित समाचार