Diwali 2023: दिवाली पर चमका पेंट कारोबार, 200 करोड़ का हुआ व्यापार, आंखों को सुकून देने वाले हल्के रंगों की मांग अधिक
कानपुर में दिवाली पर 200 करोड़ का पेंट कारोबार हुआ।
कानपुर में दिवाली पर 200 करोड़ का पेंट कारोबार हुआ। शहर में 500 से अधिक पेंट की दुकानें। प्रीमियम और पर्यावरण मित्र पेंट की तरफ ग्राहकों का रुझान बढ़ा।
कानपुर, अमृत विचार। दीपावली पर घरों की दीवारें चमकाने के लिए शहरवासियों का रुझान अब प्रीमियम के साथ पर्यावरण मित्र पेंट की तरफ बढ़ा है। कारोबारियों के मुताबिक आम पेंट का कारोबार इस बार औसत ही रहा है। शहर में पेंट व उससे जुड़ी सामग्री का सालाना कारोबार सालाना लगभग 200 करोड़ रुपये का है। लेकिन अधकतर बिक्री दीपावली के मौसम पर ही होती है। इस बार अभी तक 125 करोड़ का व्यवसाय होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पेंट कारोबारियों का मानना है कि ग्राहकों का रुझान प्रीमियम, लग्जरी या पर्यावरण मित्र पेंट की तरफ बढ़ने का बड़ा कारण इनका ज्यादा दिन तक टिकाऊ रहना है। यही वजह है कि कुल बिक्री में 60 फीसदी प्रीमियम पेंट की ब्रिक्री हुई है। ग्राहक एक बार इस पेंट को दीवारों पर लगाकर तीन साल तक घर की पुताई से बच सकता है।
आंखों को सुकून देने वाले हल्के रंगों की मांग अधिक
लोगों को हल्के रंग अधिक पसंद आ रहे हैं। आफ व्हाइट के बाद हल्के हरे, पीले और क्रीम कलर की मांग ज्यादा है। कारोबारियों ने बताया कि अब तो लोग घरों के बाहर भी हल्के रंग का प्रयोग कर रहे हैं। ‘डार्क कलर’ पुराने समय की बात हो गई है।
दीवारों पर बार्डर वाली पेटिंग का चलन बढ़ा
हल्के रंग की दीवारों में हल्के रंग से बनी डिजाइन का भी क्रेज है। कुछ साल पहले आया एक ही कमरे की अलग-अलग रंग की दीवारों ‘कंट्रास लुक’फैशन से बाहर है। दीवारों पर सबसे अधिक ‘बॉर्डर’ डिजाइन पसंद की जा रही है।
चार साल से नहीं चमक रहा बाजार
पेंट बाजार गुमटी, परेड, अस्सी फिट रोड, हालसी रोड, किदवई नगर, लाल बंगला और कल्याणपुर में फैला है। करीब पांच सौ दुकानें मौजूद हैं। व्यापारियों के मुताबिक कोविड के समय से पेंट कारोबार दीपावली के मौके पर भी औसत ही रहा है। पिछले वर्ष बारिश होने से व्यापार ठंडा रहा था। इस बार शहर में फैली बीमारियों की वजह से काफी लोगों ने पुताई कराने से किनारा कर लिया।
पेंट कारोबार वर्ष 2019 से लगातार प्रभावित है। इस बार शहर में फैली बीमारियों की वजह से कारोबार औसत ही हुआ है। ग्राहकों की ओर से प्रीमियम पेंट की मांग अधिक की जा रही है।- संजय मित्तल, महामंत्री, पेंट एसोसिएशन कानपुर
घर को पेंट कराने में लोगों का रुझान बदला है। ग्राहक ऐसा पेंट खरीद रहे हैं जो लंबे समय तक दीवारों पर टिक सके। रंगों को लेकर भी रुझान में बदलाव आया है। ज्यादातर लोग आंखों को सुकुन देने वाले रंगों पसंद कर रहे हैं।- रोहित भाटिया, पेंट कारोबारी, गुमटी।
ये भी पढ़ें- National Cancer Awareness Day 2023: कैसे जीतें कैंसर से जंग, कानपुर में बंद पड़ी मशीनें तोड़ रहीं दम
