प्रतापगढ़: दो बाइक पर सवार चार भाइयों को इनोवा ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
प्रतापगढ़। बेकाबू इनोवा गाड़ी ने दो बाइक पर सवार चार भाइयों को चपेट में ले लिया। जिसमें एक भाई की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दिलीपपुर के बसीरपुर गांव के रहने संदीप विश्वकर्मा (48 वर्ष) की अपनी लोहे की खराद मशीन रामलीला मैदान के पास है। इसी पर वह अपने भाई ननकउ, मुन्ना और संजय के साथ काम करता था।
चारों भाई ज्यादातर घर से आते थे और काम खत्म करने के बाद रात में साथ ही जाते थे। हमेशा की तरह बाइक से घर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे जेल रोड पर विकास नगर के पहले नहर के पास शहर की ओर आ रही बेकाबू इनोवा ने दोनों बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार सड़क पर गिर गए तो बचने के प्रयास में इनोवा चालक गाड़ी को भगाते हुए जाने लगा और अनियंत्रित होकर गाड़ी नाले में चली गई।
मौके पर अफरा तफरी मच गई आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। चौकी इंचार्ज वरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजवाया। रोड क्रॉसिंग का रेलवे फाटक बंद होने से करीब 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद चारों भाई को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले गए।
जहां चिकित्सकों ने संदीप विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। प्रदीप और मुन्ना को गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया। कार छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी पर महाराष्ट्र का नंबर है। गाड़ी चालक का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: अतीक के करीबियों को किया गया चिन्हित, पीडीए का चला बुलडोजर
