रुद्रपुर: दीपावली पर यातायात पुलिस ने बनाया शहर का रूट प्लान
रुद्रपुर, अमृत विचार। दीपावली के मद्देनजर जहां हर कोई अपना कारोबार बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। वहीं यातायात पुलिस ने शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए यातायात व्यवस्था प्लान जारी कर दिया है। चार्ट के माध्यम से लोगों को सचेत किया गया है कि जीरो जोन वाले स्थानों पर अपने वाहन नहीं खड़ा करें।
पुलिस ने शहरी इलाकों में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर पार्किंग स्थल बना दिए हैं। इसके अलावा शहर में जाम लगने वाले स्थानों को ड्रोन कैमरों के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा और जाम लगने की स्थिति में तत्काल पुलिस भेजकर जाम खुलवाने की व्यवस्था भी एसएसपी के आदेश पर की गई है।
शुक्रवार को जारी रूट डायवर्ट प्लान के अनुसार शहरी इलाकों में सुबह सात बजे से रात्रि 11 बजे तक इंदिरा चौक, सिडकुल चौक, तीन पानी तिराहा और गाबा चौक के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके अलावा थ्री व्हीलर वाहन, चौपहिया वाहनों को बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गल्ला मंडी, गुड़ मंडी पर बैरियर लगाकर रोका गया है। बाजार को जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस ड्यूटी लगाकर थ्री–व्हीलर, चौपहिया वाहनों को बाजार वाले इलाकों में प्रवेश वर्जित किया गया है।
इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर इंदिरा चौक से डीडी चौक, डीडी चौक से महाराजा अग्रसेन चौक तक ई-रिक्शों, टेम्पो को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। सीओ अनुषा बडोला ने बताया कि रूट चार्ट के साथ ही बाजार वाले मुख्य मार्गों को ड्रोन उड़ाकर जाम की स्थिति को जानने का प्रयास किया जाएगा। जहां भी जाम की स्थिति बनती है वहां पुलिस या फिर यातायात पुलिस को भेजकर यातायात सुचारू किया जाएगा।
मुख्य बाजार में सफेद पट्टी के बाहर नहीं खड़े होंगे ठेले और वाहन
रुद्रपुर। मुख्य बाजार में सफेद पट्टी के बाहर किसी भी प्रकार के ठेले और वाहन नहीं खड़े किए जाएंगे। बाजार में मुख्य मार्ग के मध्य में लगने वाली ठेलियों को लगाने के लिए आंबेडकर पार्क को निर्धारित किया गया। जहां सभी ठेलियां खड़ी की जाएगी। आंबेडकर पार्क में ठेलियों को लगाने के लिए स्थान कम पड़ता है तो अग्रसेन चौक से बाटा चौक की तरफ सड़क के बीच में ठेलियों को लगाने की व्यवस्था की गई है।
इंदिरा चौक से डीडी चौक आने वाले वाहन गांधी पार्क के पास होंगे पार्किंग
रुद्रपुर। इंदिरा चौक से डीडी चौक से आने वाले वाहनों को गांधी पार्क की चाहरदीवारी नैनीताल हाईवे पर खड़ा किया जाएगा। जहां 1200 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए आने-जाने वाले वाहनों को गांधी पार्क के अंदर खड़ा किया जाएगा। किच्छा बाईपास से आवाजाही कर रहे वाहनों को मोदी मैदान, झील के समीप स्थित पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है।
मुख्य बाजार में थ्री व्हीलर और चौपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित
रुद्रपुर। वाहनों की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन ने बाजार वाले इलाकों में थ्री व्हीलर, चौपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित किया है। इसमें बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गुड़ मंडी, विधवानी मार्केट, गल्ला मंडी, आरा मशीन के पास बैरिकेडिंग लगाई गई है।
ये रहेगा भारी वाहनों की आवाजाही का रूट चार्ट
रुद्रपुर। रामपुर से आने वाले वाहन जो सिडकुल, हल्द्वानी की ओर जाना चाहते हैं। वह इंदिरा चौक से दिनेशपुर मोड़, गदरपुर से दिनेशपुर मोड़ रुद्रपुर से अपने गंतव्य तक जाएंगे। हल्द्वानी से आने वाले वाहन रामपुर, काशीपुर जाना चाहते हैं। ऐसे वाहन दिनेशपुर मोड़ रुद्रपुर से वाया दिनेशपुर-दिनेशपुर मोड़ गदरपुर से जा सकते हैं।
गदरपुर से आने वाले वाहन जो हल्द्वानी, पंतनगर की ओर जाना चाहते हैं। ऐसे वाहन दिनेशपुर मोड़ गदरपुर से दिनेशपुर व दिनेशपुर मोड़ से रुद्रपुर से जा सकते हैं। दिनेशपुर-पंतनगर से आने वाले वाहनों को विशाल मेगा मार्ट, फुटेला अस्पताल से अटरिया मोड़ तक सड़क के दोनों ओर किनारे पार्क करना होगा। गाबा चौक, भूरारानी से आने वाले वाहनों को सिटी क्लब के पास या फिर गल्ला मंडी में गाड़ी पार्क करनी होगी।
