बरेली: अब गुमराह नहीं कर सकेंगे अफसर...डीएम सीधे रखेंगे नजर

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

जनसमस्याओं के निस्तारण में और पारदर्शिता लाने के लिए नई पहल

बरेली, अमृत विचार। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उनकी समस्याओं को अधिकारी बहुत हद तक छिपा नहीं सकेंगे और न ही टाल मटोल कर अपने अधिकारियों को गुमराह कर सकेंगे। इसके लिए डीएम की पहल पर शुक्रवार को एक पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर डीएम समस्या अपलोड कर संबंधित विभाग को टैग करेंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारी जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर साक्ष्य के साथ इसे पोर्टल पर अपलोड करेंगे।

दरअसल, जनसमस्याओं के निस्तारण में अक्सर देखने और सुनने को मिलता है कि संबंधित विभाग के अधिकारी मनमानी रिपोर्ट लगा और गोलमोल जवाब देकर पीछा छुड़ा लेते हैं। इससे समस्या जस की तस बनी रहती है। लोग परेशान होते रहते हैं। डीएम रविंद्र कुमार ने जनता की समस्याओं से बेपरवाह अधिकारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया है। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कमल शर्मा की मदद से यह पोर्टल विकसित किया गया है, जिसे शुक्रवार से क्रियाशील कर दिया गया। अपने दफ्तर में डीएम ने पोर्टल की बारीकियों को भी समझा।

पोर्टल से इन विभागों को जोड़ा जा रहा
इस पोर्टल में जनसमस्याओं वाले विभागों को प्राथमिकता के तौर पर जोड़ा जा रहा है, इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायती राज विभाग, विकास से संबंधित कई विभागों को जोड़ा जाएगा। इन विभागों के विभागाध्यक्ष को लॉगिन आईडी और पासवर्ड मुहैया कराए जाएंगे। अखबारों में जनसमस्याओं से संबंधित प्रकाशित होने वाली खबरों की कटिंग भी डीएम पोर्टल पर संबंधित विभाग के लिए टैग कर अपलोड करेंगे। अधिकारियों को खबरों की कटिंग का संज्ञान लेकर निस्तारण की कार्रवाई को ऑनलाइन ही अपलोड करनी होगी। यह एप विभागीय तौर पर इन हाउस कार्य करेगा। इसका आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। पहल को सफल बनाने के लिए मॉनीटरिंग और ऑपरेशनल डेस्क भी गठित की गई है।

शिकायतों की मॉनिटरिंग निवारण पोर्टल विकसित हुआ है। यह आसानी से मोबाइल पर भी चल जाएगा। कम से कम समय में शिकायतों का निस्तारण करना होगा। दो दिन का समय रहेगा। इस व्यवस्था से समस्याओं के निस्तारण में पारदर्शिता आएगी। निस्तारण से संतुष्ट होने पर ही संस्तुति की जाएगी- रविंद्र कुमार, डीएम।

ये भी पढ़ें- अमृत विचार के चार वर्ष पूरे होने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने दी बधाई

संबंधित समाचार