Jalaun में रिश्तों का कत्ल: मामा ने अपने ही भांजे को फावड़े से काट डाला, सोते समय घटना को दिया अंजाम, आरोपी गिरफ्तार
जालौन में मामा ने अपने ही भांजे को फावड़े से काट डाला।
जालौन में मामा ने अपने ही भांजे को फावड़े से काट डाला। आरोपी ने रात में सोते समय घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
जालौन, अमृत विचार। कदौरा थाना क्षेत्र के कुआंखेड़ा गांव में शुक्रवार को रात के वक्त जब सभी गहरी नींद में सो रहे थे तब वहां पर शक के चक्कर में रिश्तों का कत्ल हो गया। मामा ने अपने जिस सगे भांजे को गोदी में खिलाया, खूब दुलार किया, उसकी उंगली पकड़कर चलना सिखाया उसी को फवड़ा मारकर मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद वह फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को ग्राम दौलतपुर थाना फफूंद जिला औरैया निवासी सुनील कुशवाहा पुत्र श्यामलाल कुशवाहा जालौन जिला के थाना कदौरा क्षेत्र के कुआंखेड़ा गांव में अपने मामा वीर सिंह पुत्र स्व.हरीराम के यहां आया हुआ था। जब वह आया तो उसका स्वागत सत्कार हुआ। रात में सभी ने एक साथ खाना खाया। सुनील अपने मामा के साथ घर के बाहर सो गया, परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सो गए।
रात में लगभग 12 बजे मामा वीरसिंह ने भांजे सुनील कुशवाहा पर फावड़े से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से वह चीख पड़ा। सुनील के चीखने की आवाज आई तो मामा की बड़ी पुत्री शालनी ने गेट खोलना चाहा लेकिन कुंडी बाहर से बंद थी तो वह दीवार फांद कर बाहर आई। उसने घटना देखी तो उसने शोर मचाया तो घर के अन्य सदस्यों के साथ मुहल्ला के लोग भी आ गए।
यह देखकर भांजे पर हमला करने वाला मामा मौके से भाग गया। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेसुध अवस्था में लहूलुहान पड़े सुनील को सीएचसी पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी।
पुलिस ने आरोपी की पत्नी पिंकी देवी की तहरीर पर उसके पति के खिलाफ भांजे की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सूचना पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई। कुछ घंटे बाद ही थाना पुलिस ने आरोपी को कठपुरुवा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सीओ कालपी डॉ. देवेंद्र पचौरी ने घटना का खुलासा किया।
घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद
कदौरा थाना के कुआंखेड़ा गांव में अपने भांजे को फवड़ा मारकर मौत के घाट उतारने वाले मामा को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूंछताछ की गई। पुलिस को उसने घटना का पूरा वाक्या बताया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फवड़ा बरामद कर लिया। पुलिस के समक्ष उसने अपने जुर्म कबूल किया है। इसके बाद विधिक कार्रवाई के साथ उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म
कुआंखेड़ा गांव में आधी रात को जब मामा ने अपने सगे भांजे पर फवड़ा से प्रहार करके मौत के घाट उतारा तो चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। गांव में लोग तरह तरह की चर्चाएं कर रहे है। माना जा रहा है कि मामा की भांजे से कई मर्तबा विवाद हो चुका है। वह नहीं चाहता था कि सुनील का उसके घर आना जाना रहे। वहीं कुछ लोगों को कहना है कि सुनील की गलत हरकतें कम होने का नाम नहीं ले रही थी। यह वीरसिंह को नागवार गुजर रहा था।
भांजे की हत्या करने का नहीं दिखा मलाल
अपने ही भांजे की हत्या करने का मलाल वीरसिंह के चेहरे पर जरा भी नजर नहीं आया। वह पुलिस गिरफ्त में अपनी बात कहता रहा। सूत्रों की मानें तो वीरसिंह ने कहा कि बात हद के पार हो चुकी थी। रिश्तों की मर्यादा होती है जो वह खो चुका था। पुलिस जब उसे गिरफ्तार करके ले आई तो उसने अपनी पत्नी और बच्चों से भी बात करना जरूरी नहीं समझा।
