बरेली: मुख्यमंत्री बताएं...छह वर्ष में प्रत्येक जिले में जातिवार कितने शस्त्र लाइसेंस जारी हुए
बरेली, अमृत विचार। छह साल में बरेली समेत राज्य के सभी जिलों में जातिवार कितने शस्त्र लाइसेंस बने हैं, इसके आंकड़े तैयार कराए जा रहे हैं। उपसचिव विश्वजीत की 23 नवंबर को चिट्ठी जारी होने के बाद बरेली में शस्त्र अनुभाग में फाइलें टटोली जा रही हैं। इनमें देखा जा रहा है कि पिछले छह साल में कितने शस्त्र लाइसेंस किन-किन जाति के लोगों को जारी हुए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह ने शस्त्र प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट रेनू सिंह से तत्काल रिपोर्ट तैयार कराते हुए शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। पहली बार जातिवार शस्त्र लाइसेंस के आंकड़े विधानसभा के सदन में सवाल लगाकर पूछे जाने के बाद तैयार कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल में अब तक सभी जिले में कितने शस्त्र लाइसेंस जातिवार जारी किए गए हैं, यह सवाल सपा की सिराथू सीट से विधायक डाॅ. पल्लवी पटेल ने पूछा है।
पल्लवी ने सदन में पूछा था कि क्या मुख्यमंत्री बताने का कष्ट करेंगे कि छह वर्षों में प्रदेश में कितने जातिवार शस्त्र लाइसेंस जारी हुए। सदन के पटल पर भी जातिवार सूची रखने की बात कही।
विधानसभा के तृतीय सत्र के दौरान सूची पटल पर रखी जाने के लिए सभी जिलों में आंकड़े तैयार किए जा रहे हैं। डाॅ. पल्लवी पटेल सिराथू सीट से विधायक हैं और उन्होंने 2022 में विधानसभा चुनाव में इसी सीट पर भाजपा प्रत्याशी (उप मुख्यमंत्री) केशव प्रसाद मौर्य को हराया था।
ये भी पढ़ें- बरेली: अधिवक्ता पहुंचा एसएसपी ऑफिस, डॉक्टर के बेटे-बेटी समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप
