UP News: Kanpur और Chitrakoot में कांग्रेसियों के खिलाफ भाजपाइयों का प्रदर्शन, पुतला फूंक कर जताया विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर और चित्रकूट में भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया।

कानपुर और चित्रकूट में कांग्रेसियों के खिलाफ भाजपाइयों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन भी जताया।

कानपुर, अमृत विचार। कांग्रेस राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में मिले 300 करोड़ रूपये के खिलाफ भाजपा ने हंगामा शुरू कर दिया है। शनिवार को भाजपा के सांसद, मेयर, विधायक समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार का मुद्दा बनाकर सड़क पर उतर आये। सांसद सत्यदेव पचौरी ने जहां सचान चौराहे पर तो महापौर प्रमिला पांडेय ने परेड चौराहे पर पार्टी का पुतला फूंक विरोध जताया। 

महापौर प्रमिला पांडेय के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर परेड चौराहे पर कांग्रेस के भ्रष्टाचार का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया। महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के एक सदस्य के ठिकानों से जिस तरह नोटों के पहाड़ मिल रहे हैं, वह यह बताने के लिए काफी है कि कांग्रेस पार्टी किस कदर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।

महापौर ने कहा जनता से लूटी गई पाई पाई का हिसाब अब हो रहा है। गरीबों को लूटकर पैसा जमा करने वालों से पाई-पाई निकलवाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। इस दौरान सुरेश अवस्थी, संतोष शुक्ला, आनंद  मिश्रा, प्रमोद त्रिपाठी, सत्येंद्र पांडे, जन्मेजय राजू शर्मा, वीरेश त्रिपाठी, रंजीत भदोरिया, रोहित साहू, छोटू त्रिपाठी, कपिल गुप्ता, धीरज वाल्मीकि, रमा शंकर अग्रहरी रहे। 

एक-एक पैसे का पूरा हिसाब लिया जाएगा

भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में बर्रा के सचान चौराहे पर सांसद सत्यदेव पचौरी, विधायक महेश त्रिवेदी सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंक कर विरोध जताया। सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ भाषण देने वाली कांग्रेस पार्टी के नेताओं की असली सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। कांग्रेस पार्टी के नेता भ्रष्टाचार के महासागर में डूबे हुए हैं। लेकिन जनता से लूटे हुए एक-एक पैसे का पूरा हिसाब लिया जाएगा। यह मोदी की गारंटी है। जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि जनता से लूट गए एक-एक पैसा को लौटाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सच्चाई आज पूरे देश के सामने है। 

कांग्रेस पार्टी के पास भ्रष्टाचार की गारंटी

विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी केवल भ्रष्टाचार की गारंटी दे सकती है। इस दौरान जसविंदर सिंह, गणेश शुक्ला, अर्जुन बेरिया, मनीष त्रिपाठी, संजय पासवान, सुनील नारंग, अनुराग शुक्ला, निक्कू तिवारी, गिरीश चंद्रा, विकास दुबे, वीरेश मिश्रा रहे।

चित्रकूट

भाजपाइयों ने फूंका कांग्रेस के भ्रष्टाचार का पुतला

भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने कांग्रेस से राज्यसभा सांसद के ठिकानों में मिले धन के विरोध में शनिवार को ट्रैफिक चौराहे में कांग्रेस के भ्रष्टाचार का पुतला फूंका। इनकी अगुवाई कर रहे जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस घमंडिया गठबंधन में शामिल है और इसमें कमीशन और भ्रष्टाचार चरम पर है। 

लवकुश ने कहा कि झारखंड के कांग्रेस राज्यसभा सांसद धीरज साहू से जुड़े व्यापारिक समूह के ठिकानों पर झारखंड के साथ ओडिशा और पश्चिम बंगाल मे जारी आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक 200 करोड़ की नगदी बरामद हुई है| सवाल किया कि क्या कारण है कि दो बार चुनाव हार चुके धीरज साहू को कांग्रेस ने तीसरी बार राज्यसभा का सांसद बनाया। भ्रष्टाचार की काली कमाई से कांग्रेस अपनी जेब भर रही है।

पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा, जनता की गाढ़ी कमाई, कांग्रेस ने तिजोरी में छिपाई। इसी भ्रष्टाचार के विरोध में आज यह पुतला फूंका जा रहा है| पालिकाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी भागवत त्रिपाठी आदि ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। प्रदर्शन में अश्वनी अवस्थी, हीरो मिश्रा, सुशील द्विवेदी, रवि गुप्ता, बृजेंद्र शुक्ला, बृजेश पांडेय, महेंद्र कोटार्य, मनोज तिवारी, सुनीत मिश्रा, विनीत पयासी, दिव्या त्रिपाठी, विनीता द्विवेदी, ममता सिंह, रिजवाना, संतोष मिश्रा, सुरेश अनुरागी आदि मौजूद रहे। 

बाकायदा परमीशन ली गई- लवकुश

जिले में धारा 144 लागू होने के बाद भी भाजपाइयों का यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बना। हालांकि जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपाई सभी काम कानून के दायरे में रहकर करते हैं। बताया कि प्रशासन से इसकी बाकायदा परमीशन ली गई थी और तब यह प्रदर्शन किया गया। 

विपक्षियों के निशाने पर आया प्रदर्शन

उधर, जिले में धारा 144 लागू होने के बाद भी भाजपा के इस प्रदर्शन को विपक्षी दलों के नेताओं ने कानून का उल्लंघन बताया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार की बात करने वाले भाजपाइयों की पार्टी में क्या भ्रष्टाचारियों की कमी है। धारा 144 का उल्लंघन किया है और परमीशन की बात कर रहे हैं। अरे, इनको क्या किसी परमीशन की आवश्यकता है। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा एडवोकेट ने कहा कि जब निषेधाज्ञा लागू होती है तो इस तरह की परमीशन का कोई मतलब नहीं।

यह सरासर कानून का उल्लंघन है और ला एंड आर्डर पर प्रश्नचिह्न। प्रशासन को भाजपाइयों पर कार्रवाई करनी चाहिए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव रुद्र प्रसाद मिश्र एडवोकेट ने भी प्रदर्शन पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कटाक्ष किया कि भाजपाई अपनी पार्टी में शामिल भ्रष्टाचारियों का कब पुतला फूंकेंगे। उन्होंने कहा कि दूसरों की बात करने वाले भाजपाई अपनी बात क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि धृतराष्ट्र को दुर्योधन का भ्रष्टाचार नहीं दिखाई देता है।

ये भी पढ़ें- Kanpur में दिनदहाड़े चाकूओं से गोदकर युवक की हत्या... मामूली विवाद में सीने पर किया पार, CCTV में घटना कैद

संबंधित समाचार